सिंचाई नहर के किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी , हत्या की आंशका- Nainital News
घटना की जांच में जुटी हुई है पुलिस
Nainital News- नैनीताल जिले के रामनगर में आज सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्ट्या युवक की पत्थर से सर कुचलकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। उसका शव सिंचाई नहर के किनारे खून से लथपथ हालत में मिला। मृतक की पहचान आदर्श नगर कॉलोनी, रामनगर निवासी 18 वर्षीय समीर उर्फ लक्की के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने रामनगर के मोहल्ला गूलरघट्टी के पास भगवान दास की चक्की के पीछे, सिंचाई नहर के किनारे शव पड़े होने की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रामनगर कोतवाल सुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए।
मृतक के बड़े भाई इमरान ने बताया कि समीर बुधवार शाम करीब सात बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की थी। गुरुवार सुबह समीर का शव मिलने की जानकारी पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे।
इमरान ने आरोप लगाया कि उसके भाई की अज्ञात लोगों ने हत्या की है। उसने पुलिस से दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए।
रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


