केदारनाथ यात्रा मार्ग पर SDRF का स्वास्थ्य जांच व जागरूकता अभियान, श्रद्धालुओं को मिल रही राहत
श्री केदारनाथ यात्रा मार्ग पर SDRF का स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता अभियान
देहरादून। सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के निर्देशों के तहत श्री केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य संरक्षण को ध्यान में रखते हुए लिनचोली क्षेत्र में विशेष स्वास्थ्य जांच एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत SDRF के प्रशिक्षित पैरामेडिक्स द्वारा यात्रा मार्ग से गुजर रहे श्रद्धालुओं का निःशुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। इसमें रक्तचाप (BP), शुगर स्तर और ऑक्सीजन स्तर (SpO₂) जैसी जरूरी जांचें शामिल हैं। साथ ही उच्च हिमालयी क्षेत्रों में होने वाली सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं—जैसे ऑक्सीजन की कमी, अत्यधिक थकान, रक्तचाप में उतार-चढ़ाव और चक्कर आना—के प्रति यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं को यह भी सलाह दी जा रही है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अस्वस्थता या आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सा राहत पोस्ट से संपर्क करें। इसके अलावा SDRF द्वारा उपलब्ध आपात सहायता सेवाओं की जानकारी भी साझा की जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर समय रहते सहायता मिल सके।
गौरतलब है कि श्री केदारनाथ धाम की यात्रा दुर्गम हिमालयी क्षेत्र से होकर गुजरती है, जहां कम ऑक्सीजन, अत्यधिक ठंड, अनिश्चित मौसम और लंबी पैदल दूरी जैसी चुनौतियां यात्रियों के सामने रहती हैं। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और अस्वस्थ श्रद्धालुओं के लिए यह यात्रा अधिक जोखिमपूर्ण हो सकती है। ऐसे में SDRF की टीमें 24 घंटे तैनात रहकर यात्रियों की निगरानी और सहायता में जुटी हुई हैं।
इस अभियान से बड़ी संख्या में श्रद्धालु लाभान्वित हो रहे हैं और यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने में SDRF की भूमिका अहम साबित हो रही है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


