लालकुआं: दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दंपती की मौत , परिजनों में मचा कोहराम
लालकुआं (नैनीताल)। लालकुआं शहर के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक अज्ञात तेज रफ्तार भारी वाहन ने स्कूटी दंपति को कुचल दिया, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

फाइल फोटो: सड़क हादसे में मृतक दंपति
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना शनिवार दोपहर करीब 1:00 बजे उस समय हुई जब स्कूटी सवार पति-पत्नी लालकुआं से वीआईपी गेट क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात बड़े वाहन संभवत (ट्रक या डंपर) ने लापरवाही से चलाते हुए स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार दोनों व्यक्ति सड़क पर गिर गए और भारी वाहन के टायरों की चपेट में आ गए। मृतकों की पहचान रामनिवास उर्फ पप्पू शर्मा (55) और उनकी पत्नी मालती शर्मा (50) के रूप में हुई है। रामनिवास सेंचुरी पेपर मिल में मुंशी के पद पर कार्यरत थे। दोनों पति-पत्नी किसी निजी कार्य से लालकुआं से वीआईपी गेट की ओर जा रहे थे। इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक दंपति के परिवार में एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। तीनों की शादी हो चुकी है।
वहीं पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। वहीं पुलिस ने घटना की जांच के साथ ही आरोपी वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इधर घटना के बाद क्षेत्र में भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार को लेकर गहरा रोष व्याप्त है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में भारी वाहनों का दबाव रहता है, लेकिन सुरक्षा मानकों और गति सीमा की अनदेखी के कारण आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


