रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा 2026 की तैयारियों पर प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा की समीक्षा, समयबद्ध कार्य के निर्देश
22 अप्रैल से शुरू होगी यात्रा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट
रुद्रप्रयाग ,23 मार्च 2026: आगामी केदारनाथ यात्रा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफल बनाने के उद्देश्य से जनपद के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा द्वारा जिला सभागार में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा व्यवस्थाओं की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन करते हुए प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने 22 अप्रैल से प्रारंभ होने जा रही केदारनाथ यात्रा की तैयारियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि यात्रा को सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है और प्रत्येक विभाग को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि पशुपालन विभाग द्वारा यात्रा मार्ग पर संचालित होने वाले घोड़े-खच्चरों का पंजीकरण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसके साथ ही पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण एवं नियमित निगरानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा यात्रा मार्ग पर क्षतिग्रस्त सड़कों का चिन्हीकरण कर तेजी से पैचवर्क कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त संवेदनशील एवं डेंजर जोन क्षेत्रों की पहचान कर वहां सुरक्षा की दृष्टि से ट्रीटमेंट कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों के संबंध में जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रा के दृष्टिगत चिकित्सा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। यात्रा मार्ग पर पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस तैनात की जा रही हैं, साथ ही डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है। विभिन्न पड़ावों पर स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए जाएंगे तथा आवश्यक दवाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों को त्वरित एवं प्रभावी उपचार मिल सके।
प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि केदारनाथ यात्रा प्रदेश की आस्था, संस्कृति और अर्थव्यवस्था से जुड़ा एक महत्वपूर्ण आयोजन है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करें।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि यात्रा काल के दौरान तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाए, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने ट्रैफिक प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित सभी तैयारियों को मजबूत करने के निर्देश भी दिए।
प्रभारी मंत्री ने यह भी कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतों के निस्तारण के लिए प्रभावी तंत्र विकसित किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित और सुखद यात्रा का अनुभव मिल सके।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने कहा कि केदारनाथ यात्रा को सफल बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाओं को पूर्ण रूप से दुरुस्त कर लिया जाए।
केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि पिछले वर्ष केदारनाथ यात्रा ने सफलता के नए आयाम स्थापित किए थे और इस वर्ष भी यात्रा को और अधिक भव्य एवं व्यवस्थित रूप देने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, उपाध्यक्ष राज्य महिला आयोग ऐश्वर्या रावत, जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश, पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, जिला विकास अधिकारी अनिता पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


