राशन कार्ड सत्यापन में लालकुआं-बिंदुखत्ता में बड़ा खुलासा: 40 अपात्र सामने आए, स्वेच्छा से कार्ड जमा करें अन्यथा कार्रवाई
लालकुआं-बिंदुखत्ता क्षेत्र में राशन कार्ड सत्यापन अभियान के दौरान घर-घर जांच करते प्रशासनिक अधिकारी।
घर-घर सत्यापन में खुली पोल, आय सीमा से अधिक होने के बावजूद ले रहे थे सरकारी राशन का लाभ
लालकुआं, 02 जून 2026(जीवन गोस्वामी)। लालकुआं-बिंदुखत्ता क्षेत्र में राशन कार्ड सत्यापन अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा योजना और पीले कार्ड (राज्य खाद्य सुरक्षा योजना) में लंबे समय से चल रहे फर्जीवाड़े और अपात्र लाभार्थियों का बड़ा मामला सामने आया है। प्रशासन की घर-घर जांच में ऐसे कई परिवार पाए गए हैं जो सरकारी राशन का लाभ ले रहे थे, जबकि उनके सदस्य निजी कंपनियों, फैक्ट्रियों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से जुड़े हुए हैं तथा उनकी आय निर्धारित सीमा से अधिक है।
371 कार्डों की जांच में 32 अपात्र पाए गए
अभियान के दूसरे दिन 371 राशन कार्डों की जांच की गई, जिसमें 32 सफेद राशन कार्डधारक अपात्र पाए गए। 1 जून से शुरू हुए अभियान में अब तक कुल 501 कार्डों का सत्यापन किया जा चुका है, जिसमें 40 अपात्र कार्डधारकों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बंगाली कॉलोनी और शास्त्री नगर में चला सत्यापन अभियान
उपजिलाधिकारी न्यायिक एवं नोडल अधिकारी रेखा कोहली के निर्देश पर मंगलवार को बंगाली कॉलोनी और शास्त्री नगर क्षेत्र में घर-घर सत्यापन किया गया। बंगाली कॉलोनी में 317 और शास्त्री नगर में 54 राशन कार्डों की जांच हुई, जिनमें क्रमशः 20 और 12 सफेद राशन कार्डधारक पात्रता मानकों पर खरे नहीं उतरे।
कई लाभार्थियों की आय सीमा से अधिक निकली स्थिति
जांच के दौरान सामने आया कि कई लाभार्थियों के परिवारों के सदस्य सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल, निजी कंपनियों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से जुड़े हैं, इसके बावजूद वे खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ ले रहे थे। शुरुआती दो दिनों की कार्रवाई में बड़ी संख्या में अपात्र लोगों के सामने आने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। अनुमान है कि अभियान आगे बढ़ने के साथ अपात्र कार्डधारकों की संख्या और बढ़ सकती है।
9,645 सफेद कार्डों की चल रही है जांच
बिंदुखत्ता क्षेत्र में वर्तमान में 9,645 सफेद, 211 अंत्योदय और 5,439 पीले राशन कार्ड संचालित हैं। प्रशासन सभी कार्डों का चरणबद्ध सत्यापन कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अपात्र लोगों द्वारा सरकारी लाभ लेने से वास्तविक जरूरतमंदों का हक प्रभावित हो रहा है, इसलिए किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
खुद कार्ड जमा करें, वरना होगी कार्रवाई
क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत ने बताया कि कई ऐसे परिवार, जो अब पात्रता से बाहर हो चुके हैं, स्वयं अपने राशन कार्ड जमा कर रहे हैं। उन्होंने अपील की कि जिनकी आय निर्धारित मानकों से अधिक हो चुकी है, वे स्वेच्छा से कार्ड जमा कर दें, अन्यथा जांच में अपात्र पाए जाने पर कार्ड निरस्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एक माह तक चलेगा सत्यापन अभियान
उपजिलाधिकारी रेखा कोहली ने बताया कि यह सत्यापन अभियान एक माह तक चलेगा। इसके लिए चार टीमें गठित की गई हैं, जो घर-घर जाकर जांच कर रही हैं। अपात्र पाए जाने वाले सभी राशन कार्ड निरस्त किए जाएंगे और विस्तृत रिपोर्ट जिला पूर्ति अधिकारी को भेजी जाएगी।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


