रामनगर: कोसी नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत, परिजनों में मचा कोहराम
कोसी नदी में डूबने की घटना की प्रतीकात्मक तस्वीर।
दोस्तों के साथ कोसी बैराज पहुंचे थे दोनों युवक, तेज बहाव में गहरे कुंड में फंसने से हुआ हादसा; रेस्क्यू के बाद अस्पताल में मृत घोषित

रामनगर (नैनीताल)। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की कोसी नदी में डूबने से मौत हो गई। दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ कोसी बैराज के पास नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान वे पानी के तेज बहाव में बहकर गहरे कुंड में फंस गए और डूब गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम धर्मपुर औलिया (पीरूमदारा) निवासी मयंक असवाल (24 वर्ष) और हिम्मतपुर ब्लॉक निवासी अंकित रावत (24 वर्ष) अपने दो अन्य दोस्तों आशीष रावत और रंजीत के साथ सोमवार दोपहर करीब तीन बजे कोसी बैराज के समीप नदी में नहाने पहुंचे थे। चारों युवक नदी में स्नान कर रहे थे कि अचानक मयंक और अंकित का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी वाले कुंड में पहुंच गए। पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों युवक बाहर नहीं निकल सके।
दोनों युवकों ने बचाव के लिए शोर मचाया, जिसके बाद उनके दोस्तों और आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, अग्निशमन विभाग की टीम तथा स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को नए पुल के समीप नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक दोनों की मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद होगी आगे की कार्रवाई
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रामनगर संयुक्त चिकित्सालय के डॉ. सारिक ने बताया कि कोसी नदी में डूबने की सूचना मिलने पर दो युवकों को अस्पताल लाया गया था, लेकिन जांच में पाया गया कि उनकी पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद नियमानुसार दोनों शव पुलिस को सौंप दिए गए।
घटना के बाद दोनों मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कोसी बैराज क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि गर्मी के मौसम में बड़ी संख्या में लोग नदी में स्नान करने पहुंचते हैं, जिससे ऐसे हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। स्थानीय लोगों ने संवेदनशील और खतरनाक स्थलों पर चेतावनी बोर्ड लगाने तथा सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की आवश्यकता भी जताई है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


