हल्द्वानी में जनसुनवाई: आयुक्त दीपक रावत ने सुनीं समस्याएं, कई मामलों का मौके पर समाधान
भूमि विवाद, अवैध निर्माण, धोखाधड़ी और फीस जैसे मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश
हल्द्वानी, 18 अप्रैल 2026। शनिवार को हल्द्वानी कैम्प कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आयुक्त/सचिव, मुख्यमंत्री दीपक रावत ने आम जनता की विभिन्न समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, अवैध निर्माण, धोखाधड़ी से धनराशि हड़पने, अतिक्रमण, पारिवारिक विवाद तथा ओबीसी प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण मामलों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण भी किया गया।
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान घोड़ाखाल रोड भवाली निवासी जितेंद्र कुमार ने ड्रग लाइसेंस के ऑनलाइन आवेदन बार-बार निरस्त होने की समस्या रखी। आयुक्त के हस्तक्षेप के बाद संबंधित विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 17 अप्रैल 2026 को उनका ड्रग लाइसेंस आवेदन स्वीकृत कर दिया।
वहीं, मंगल पड़ाव मछली बाजार निवासी विद्यावती ने अपने दिवंगत पति की दो वर्षों से लंबित वेतन राशि दिलाने की गुहार लगाई। इस पर आयुक्त ने आश्वासन दिया कि जल्द ही उनकी बकाया सैलरी दिलाई जाएगी।
रामनगर निवासी पार्वती रावत ने जमीन के दोहरे पंजीकरण को लेकर विवाद की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त ने तहसीलदार रामनगर को जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बरेली रोड निवासी माया जोशी ने आर्थिक तंगी के चलते बच्चों की स्कूल फीस जमा न कर पाने की समस्या रखी। आयुक्त ने तत्काल स्कूल प्रबंधन से वार्ता कर इस मामले का मौके पर समाधान कराया।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


