हल्द्वानी: जिला योजना 2026-27 की तैयारी तेज, डीएम ने जनहित व रोजगारपरक योजनाओं पर दिया जोर
जनप्रतिनिधियों के सुझाव शामिल करने के निर्देश, पर्यटन, कृषि और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता
हल्द्वानी, 15 अप्रैल 2026: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बुधवार को कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में नैनीताल जिले की प्रस्तावित जिला योजना वर्ष 2026-27 की पूर्व तैयारी बैठक लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना प्रस्ताव बनाते समय जनता की मूलभूत आवश्यकताओं, क्षेत्रीय प्राथमिकताओं और स्वरोजगार आधारित योजनाओं को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने कहा कि ऐसे प्रस्ताव तैयार किए जाएं जिनसे आम जनता को सीधा लाभ मिले और उपलब्ध धनराशि का सदुपयोग सुनिश्चित हो। विकास योजनाएं ऐसी हों जो त्वरित रूप से आम नागरिकों तक पहुंचें और उनके जीवन स्तर में सुधार लाएं।
जिलाधिकारी ने उद्यान, कृषि, मत्स्य, दुग्ध विकास, पशुपालन और अन्य आजीविका आधारित विभागों के प्रस्तावों को योजना में शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने क्लस्टर अप्रोच को बढ़ावा देने के लिए केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के समन्वय (डवटेलिंग) पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, जिससे भूमिहीन, छोटे किसानों और ग्रामीण उद्यमियों को अधिक लाभ मिल सके।
गर्मी के मौसम में ट्यूबवेल खराब होने की समस्या को देखते हुए उन्होंने मरम्मत और स्टेबलाइजर क्रय के लिए धनराशि प्राथमिकता से रखने के निर्देश दिए। साथ ही पर्यटन स्थलों के विकास, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए सोलर फेंसिंग और तारबाड़, तथा सरकारी कर्मचारियों के आवासों की मरम्मत के प्रस्ताव भी योजना में शामिल करने को कहा।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि पिछली जिला योजना के अंतर्गत जो कार्य अधूरे हैं, उन्हें प्राथमिकता से पूरा करने के लिए प्रस्ताव तैयार किए जाएं ताकि इस वित्तीय वर्ष में उन्हें पूरा कर आम जनता को लाभ मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रस्ताव तैयार करते समय स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी चर्चा कर उनकी प्राथमिकताओं को शामिल किया जाए, क्योंकि वे क्षेत्र की समस्याओं से भलीभांति परिचित होते हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि आगामी सप्ताह में प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में जिला योजना 2026-27 की बैठक प्रस्तावित है, इसलिए सभी विभाग अपने प्रस्ताव समय से जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश नेगी सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


