उत्तराखंड में विकास को नई गति, सीएम धामी ने 171 करोड़ की योजनाओं पर लगाई मुहर
सड़कों, पार्किंग, बिजली और ट्रैफिक सुधार के लिए बड़ी वित्तीय स्वीकृति
शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर रखे जाएंगे कई मोटर मार्ग
देहरादून ट्रैफिक सुधार और चम्पावत में सिटी सेंटर निर्माण को भी हरी झंडी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए कुल 171 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। यह राशि मुख्य रूप से सड़कों के निर्माण, बिजली परियोजनाओं के सुदृढ़ीकरण, पार्किंग सुविधाओं के विकास और यातायात सुधार कार्यों पर खर्च की जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य के शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान में कई मोटर मार्गों का नामकरण उनके नाम पर करने का भी निर्णय लिया है।
राज्य योजना के अंतर्गत जनपद बागेश्वर के विधानसभा क्षेत्र बागेश्वर में सातरत्वे–सिगी नरगोल होते हुए गिरेछीना मिलान मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 3.35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं जनपद चमोली के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में कालीमठ–कोटमा–जाल–चौमासी मोटर मार्ग के सुधार कार्य के लिए 3.75 करोड़ रुपये तथा पौड़ी गढ़वाल के लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र में कोटडीसैंण के पास ग्राम पैयागढ़ी रजबौ मल्ला दियोड मोटर मार्ग के निर्माण हेतु 4.27 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
जनपद चम्पावत के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में किमतोली से रौशाल मोटर मार्ग पर हॉटमिक्स कार्य के लिए 12.15 करोड़ रुपये तथा रोडवेज स्टेशन चम्पावत में आधुनिक स्टोरी पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) के निर्माण के लिए 62.33 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना के निर्माण के लिए चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में 50.25 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड सदन के द्वितीय तल पर बने 12 कमरों के सिविल और विद्युत कार्यों के नवीनीकरण के लिए 1.60 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
देहरादून शहर की ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए भी मुख्यमंत्री ने विभिन्न 6 कार्यों हेतु 33.45 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानी सम्मान पेंशन के अंतर्गत श्रीमती सुमन जैन, निवासी मॉडल कॉलोनी, रुद्रपुर (जिला ऊधम सिंह नगर) को 27 जून 2025 से 20 हजार रुपये प्रतिमाह सम्मान राशि प्रदान किए जाने का अनुमोदन भी दिया है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कई मोटर मार्गों का नाम शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर रखने का अनुमोदन दिया है। इनमें अल्मोड़ा जिले के कुनीगाड़–हिरुली बाजार से रामपुर–चौखुटिया गोटर मार्ग का नाम शहीद सूबेदार भवानी दत्त जोशी (सेना मेडल), चमोली जिले के ल्वाणी सुया मोटर मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. खीम सिंह, गोपेश्वर मंडल से ग्राम ग्वाड तक मोटर मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. मेहरबान सिंह रावत तथा नैनीसैंड़–कालूसैंण–आमसौंड मोटर मार्ग का नाम उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी स्व. तुलाराम थपलियाल के नाम पर रखा जाएगा।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने 23 और 24 मार्च 2026 को देहरादून में प्रस्तावित “5वें डिजिटल एम्पावरमेंट मीट एवं अवार्ड्स – उत्तराखंड चैप्टर” के आयोजन को भी मंजूरी प्रदान की है। इस कार्यक्रम का विषय “उत्तराखंड डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू एआई – विकसित भारत 2047 की ओर” रखा गया है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


