Nainital Weather: भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, कल स्कूल-आंगनबाड़ी बंद; आदेश जारी
भारी बारिश की चेतावनी के चलते नैनीताल में 31 अगस्त को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
31 अगस्त को कक्षा 1 से 12 तक सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों में अवकाश, आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद; 8 ग्रामीण मार्ग बाधित
नैनीताल, 30 अगस्त 2026। उत्तराखंड में सक्रिय मानसून के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 31 अगस्त, सोमवार को नैनीताल जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत 31 अगस्त को नैनीताल जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को अवकाश के आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
बारिश से ग्रामीण मार्ग भी प्रभावित
लगातार बारिश का असर जिले की ग्रामीण आवाजाही पर भी पड़ा है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की 30 अगस्त शाम चार बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार जिले में 8 ग्रामीण मार्ग बाधित हैं। संबंधित विभागों की टीमें जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मार्ग खोलने में जुटी हैं।
बाधित मार्गों में फतेहपुर भाखड़ा-बसान मार्ग, रातीघाट-बुधलाकोट मार्ग, बबियाड़-टपूआ मार्ग, छीड़ाखान-अधोरा-अमजड़ मोटर मार्ग, पतलोट-पश्यागांव मार्ग, स्यूड़ा-ककोड़-हरीशताल मार्ग, खनस्यू-टांडा मार्ग और बरेली-अल्मोड़ा मार्ग शामिल हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों में मुक्तेश्वर में 16 मिमी, हल्द्वानी-काठगोदाम में 13 मिमी, नैनीताल में 13 मिमी और चोरगलिया में 35 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
जिले की अब तक की क्षति रिपोर्ट में 3 जनहानि, 54 आंशिक भवन क्षति, एक पूर्ण भवन क्षति और 2 पशुहानि दर्ज की गई है।
प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और बाधित मार्गों पर जाने से परहेज करने की अपील की है। साथ ही लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने को कहा गया है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


