नैनीताल पुलिस का नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन: 618 ग्राम स्मैक के साथ दो सगे भाई तस्कर गिरफ्तार
काठगोदाम क्षेत्र में 618 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार दोनों तस्कर पुलिस टीम के साथ कार्रवाई के दौरान।
काठगोदाम क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने तस्करी की बड़ी खेप पकड़ी, वाहन समेत आरोपियों को दबोचा
हल्द्वानी, 05 जून 2026। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” एवं ऑपरेशन प्रहार के तहत नशे के विरुद्ध एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। काठगोदाम पुलिस और एसओजी नैनीताल की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान दो तस्करों को 618 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.85 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रभावी चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम तथा एसओजी प्रभारी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पश्चिमी खेड़ा क्षेत्र में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास निर्माणाधीन भवन के समीप घेराबंदी की। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध हुंडई ऑरा कार (नंबर RJ 05-CC-8027) को रोका गया, जिसमें तलाशी लेने पर 618 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर वाहन को भी जब्त कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गजब सिंह (27 वर्ष) पुत्र गंगो सिंह निवासी अटलबंध धऊ पासा, भरतपुर (राजस्थान) और सीताराम (37 वर्ष) पुत्र गंगो सिंह निवासी उपरोक्त के रूप में हुई है। बरामद स्मैक में से 311 ग्राम गजब सिंह और 307 ग्राम सीताराम के कब्जे से मिली। इसके साथ एक हुंडई ऑरा कार और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी सीताराम ने बताया कि दोनों सगे भाई हैं और राजस्थान के भरतपुर निवासी हैं। गजब सिंह आरओ प्लांट में कार्य करता है जबकि सीताराम टैक्सी चालक है। दोनों बीती रात अपने मामा की टैक्सी लेकर राजस्थान से हल्द्वानी पहुंचे थे। उनकी योजना काठगोदाम रेलवे स्टेशन के आसपास किसी व्यक्ति को स्मैक की खेप सौंपने की थी, जिसके बाद उन्हें मुक्तेश्वर स्थित अपनी ससुराल जाना था। लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उनकी यह योजना सफल नहीं हो सकी और दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी गजब सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध राजस्थान के अटलबंध थाने में आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट सहित चार गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं, जबकि सीताराम के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करी के नेटवर्क पर एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। एसएसपी नैनीताल ने इस उपलब्धि पर पुलिस टीम की सराहना करते हुए ₹2500 का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
वहीं वर्ष 2026 में अब तक जनपद पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया गया है, जिसके तहत चरस, डोडा, स्मैक, गांजा और नशे के इंजेक्शन की बड़ी मात्रा में बरामदगी करते हुए कई अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे क्षेत्र में नशे के खिलाफ कार्रवाई को और मजबूती मिली है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


