नैनीताल: गैस सिलेंडर कालाबाजारी पर जिला प्रशासन की सख्ती, लगातार छापेमारी के निर्देश
डीएम नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देश पर प्रशासन अलर्ट
एडीएम ने ली महत्वपूर्ण बैठक , बोले- जिले में रसोई गैस का पर्याप्त स्टॉक
किसी तरह की कोई किल्लत नहीं , लगातार चलेगी छापेमारी
नैनीताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि वर्तमान अन्तर्राष्ट्रीय परिदृश्य के परिप्रेक्ष्य में जनपद अन्तर्गत घरेलू गैस की कीमतों में वृद्धि तथा कतिपय स्थानों पर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायतें सामने आ रही है। एलपीजी गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की रोकथाम एवं वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाये रखना अत्यावश्यक है।
इस संबंध में जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी तथा समस्त उप जिला अधिकारियों सहित जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिये है कि एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी एवं जमाखोरी को रोकने के दृष्टिगत लगातार छापेमारी की कार्यवाही करते हुए जनपद अर्न्तगत गैस वितरण एजेन्सियों पर प्रभावी पर्यवेक्षण की कार्यवाही सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देश जारी करते हुए गैस एजेन्सियों से सम्बन्धित गोदाम में स्टॉक की स्थिति, एलपीजी सिलेन्डर वित्तरण की स्थिति, सिलेंडरों के वितरण व्यवस्था में एक के पश्चात् दूसरे सिलेंडर में अन्तराल से सम्बन्धित नियमों का पालन की स्थिति, एलपीजी सिलेंडरो के अवैध रिफिलिंग पर कार्यवाही तथा उपभोक्ता को निर्गत गैस वितरण पासबुक में वितरण से सम्बन्धित विवरण का अंकन करने को कहा है।
उन्होने कहा कि छापेमारी की कार्यवाही के दौरान विशेष निगरानी रखते हुए अनियमितता पाये जाने की स्थिति में प्रभावी कार्यवाही करना भी सुनिश्चित करें।
एडीएम विवेक राय ने ली बैठक, दिए अहम निर्देश
जिले में पर्याप्त संख्या में घरेलू गैस का भंडार: एडीएम
हल्द्वानी। घरेलू गैस (एलपीजी) गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की कतिपय स्थानों पर शिकायतों के सम्बन्ध में जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को तहसील परिसर एनआईसी कक्ष हल्द्वानी में अपर जिलाधिकारी प्रशासन विवेक राय की अध्यक्षता में एक बैठक सम्पन्न हुई।
अपर जिलाधिकरी ने बताया कि एलपीजी गैस की वर्तमान में जिले में किसी भी प्रकार की कोई भी किल्लत नहीं है। पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। मांग के अनुरूप गैस कंपनियों के द्वारा गैस की आपूर्ति की जा रही है।
उन्होंने गैस की कालाबारी रोकने के सम्बन्ध में जनपद के सभी गैस वितरकों आईओसीएल, बीपीसीएल एवं एचपीसीएल एवं एरिया प्रबंधकों सहित नगर मजिस्ट्रेट ,उपजिलाधिकारी हल्द्वानी सहित खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को अपने अपने क्षेत्र में लगातार चैकिंग अभियान चलाते हुए कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि गैस का वितरण गैस बुकिंग के उपरांत डीएससी कोड नंबर के आधार पर ही ओटीपी के आधार पर ही गैस का वितरण कराया जाए। उन्होंने कहा कि गैस 25 दिन के उपरांत ही आपूर्ति सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता गैस सिलेंडरों का स्टॉक नहीं करेगा यह भी सुनिश्चित कराया जाए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाए। घटतोली और रिफलिंग पर विशेष ध्यान देते हुए कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि सभी गोदाम में स्टॉक का निरीक्षण, मिलान कराया जाए। इस संबंध में उन्होंने कहा कि उप जिलाधिकारी और पूर्ति विभाग के अधिकारी लगातार चेकिंग अभियान चलाऐं। उन्होंने नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी को निर्देश दिए कि वह भी नगर के अंतर्गत लगातार गौदामों का निरीक्षण कर स्टॉक का मिलान करें।
अपर जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि रसोई गैस की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है, पर्याप्त संख्या में गैस का भंडार है। उन्होंने कहा कि मांग के अनुरूप गैस कंपनियां पर्याप्त संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध करा रही है वह किसी भी प्रकार के से परेशान ना हों।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी एपी बाजपेई, महाप्रबंधक केएमवीएन विजय नाथ शुक्ल,जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन, सहित सभी क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी व पूर्ति निरीक्षक सहित विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


