Nainital Crime: 24 घंटे में चोरी का खुलासा, 12 तोला सोना बरामद; 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार
भवाली पुलिस ने चोरी के करीब 12 तोला स्वर्ण आभूषण बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार किया।
भवाली में घर से चोरी हुए करीब ₹15 लाख के स्वर्ण आभूषण बरामद, पुलिस पूछताछ में सामने आया गाड़ी खरीदने का इरादा; मुकदमे में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी
नैनीताल, 30 अगस्त 2026। कोतवाली भवाली क्षेत्र में घर से चोरी हुए करीब 12 तोला स्वर्ण आभूषणों की चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार करते हुए चोरी किए गए स्वर्ण आभूषण शत-प्रतिशत बरामद कर लिए। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
घर से चोरी हुए थे लाखों के आभूषण
29 अगस्त 2026 को ग्राम गैराडी लटवाल, पोस्ट मौना निवासी उमा लटवाल पत्नी स्वर्गीय नारायण सिंह लटवाल ने कोतवाली भवाली में घर से स्वर्ण आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 33/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस अधीक्षक अपराध डॉ. जगदीश चंद्र और क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल के निर्देशन में वरिष्ठ उपनिरीक्षक आसिफ खान के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की।
24 घंटे में पुलिस ने सुलझाया मामला
पुलिस टीम ने तत्काल सुरागरसी-पतारसी करते हुए संदिग्धों से पूछताछ की और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस कार्रवाई के दौरान जितेंद्र सिंह लटवाल उर्फ जित्तू (20) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही और कब्जे से चोरी किए गए करीब 12 तोला स्वर्ण आभूषण बरामद कर लिए गए।
गाड़ी खरीदने के लिए की थी चोरी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका चोरी किए गए सोने के आभूषण बेचकर गाड़ी खरीदने का इरादा था। हालांकि, चोरी का माल बेचने से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और आभूषण बरामद कर लिए।
मामले में पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
ये स्वर्ण आभूषण हुए बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीली धातु के दो जोड़ी पौंची, एक जोड़ी कान के झुमके, एक नथ, एक गोलोबंद, एक मांग-टीका और एक अंगूठी बरामद की है। बरामद स्वर्ण आभूषणों का कुल वजन करीब 12 तोला और अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये का इनाम
चोरी का खुलासा और शत-प्रतिशत बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक आसिफ खान, उपनिरीक्षक अरुण सिंह राणा, कांस्टेबल आनंद सिंह राणा, हरीश सिंह, प्रकाश चंद्र, मनीष पुनेठा, नरेंद्र मेहता, हेड कांस्टेबल लाल बाबू, हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश और चालक हेड कांस्टेबल आनंद सिंह कनवाल शामिल रहे।
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई और सफल बरामदगी पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने टीम को ढाई हजार रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


