देहरादून: मसूरी में दर्दनाक हादसा, गहरी खाई में समाई कार; चार लोगों की मौत
मसूरी हादसे के बाद रेस्क्यू अभियान चलाती SDRF टीम।
झड़ीपानी-कोल्हूखेत मार्ग पर अनियंत्रित होकर 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, SDRF और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान
देहरादून, 10 जून 2026। उत्तराखंड की पर्यटन नगरी मसूरी बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे की गवाह बनी। मसूरी के झड़ीपानी-कोल्हूखेत लिंक मार्ग पर एक सिलेरियो कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:16 बजे मसूरी पुलिस को सूचना मिली कि बार्लोगंज चौकी क्षेत्र के झड़ीपानी रोड पर एक कार गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF, फायर सर्विस और अन्य बचाव एजेंसियों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मारुति सिलेरियो कार संख्या DL5CS4610 तीव्र ढलान पर संभवतः ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार कार सवार कुछ देर पहले पास की एक दुकान से सामान खरीदकर लौटे थे। बातचीत के दौरान उन्होंने स्वयं को उत्तरकाशी से आने वाला बताया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही सभी लोग कार में बैठे, वाहन अचानक तेज गति से ढलान की ओर लुढ़कने लगा। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क से नीचे खाली प्लॉट को पार करते हुए गहरी खाई में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम अपर उप निरीक्षक मनोज जोशी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और खड़ी ढलानों के बीच बचाव दलों ने कड़ी मशक्कत कर रेस्क्यू अभियान चलाया। हालांकि पुलिस के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार चारों लोगों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो चुकी थी।
रेस्क्यू टीमों ने खाई में उतरकर शवों को बाहर निकाला और मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को भी दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत (हरियाणा), 19 वर्षीय मानित निवासी गाजियाबाद, 48 वर्षीय सविता पत्नी धर्मवीर निवासी गाजियाबाद तथा 46 वर्षीय संगीता पत्नी टीटू निवासी करोलबाग (दिल्ली) के रूप में हुई है।
इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में तीव्र ढलानों पर वाहन संचालन के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता को उजागर किया है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


