उधम सिंह नगर में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई, तीन अवैध धार्मिक ढांचे ध्वस्त
गूलरभोज–दिनेशपुर क्षेत्र में प्रशासन का सख्त अभियान, नोटिस के बाद भी दस्तावेज न देने पर कार्रवाई
उधम सिंह नगर ,18 अप्रैल 2026। जिले में प्रशासन ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए गूलरभोज–दिनेशपुर क्षेत्र में सिंचाई विभाग की जमीन पर बनी दो मजार और एक मस्जिद की संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई शनिवार तड़के भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्वक तरीके से अंजाम दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये धार्मिक संरचनाएं सिंचाई विभाग की भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाई गई थीं। करीब तीन माह पूर्व प्रशासन ने सर्वे कर संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए थे और उनसे भूमि स्वामित्व व निर्माण से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में ठंडा नाले क्षेत्र में भी अवैध कब्जों के खिलाफ सिंचाई विभाग ने अभियान शुरू किया था। कुछ कब्जाधारियों ने नोटिस के बाद हाई कोर्ट का रुख किया, लेकिन वहां से राहत न मिलने पर वे सुप्रीम कोर्ट पहुंचे और स्थगन आदेश प्राप्त कर लिया। हालांकि जिन धार्मिक संरचनाओं को ध्वस्त किया गया, उन पर किसी प्रकार का स्थगन आदेश लागू नहीं था।
जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। वहीं अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने बताया कि सिंचाई विभाग की भूमि पर बिना वैध अनुमति के बनाए गए तीन धार्मिक ढांचों को हटाकर भूमि को कब्जे से मुक्त कराया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित पक्षों द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
प्रशासन के अनुसार, यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में की गई है और भविष्य में भी अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही सख्त संदेश दे चुके हैं कि उत्तराखंड में सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध कब्जों के खिलाफ निरंतर और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा बनी रहे और कानून व्यवस्था सुदृढ़ हो।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


