Lalkuan: संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव मिला, जांच में जुटी पुलिस
लालकुआं के खुरपिया फॉर्म क्षेत्र में महिला का शव मिलने के बाद मामले की जांच में जुटी पुलिस।
खुरपिया फॉर्म में मिला महिला का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी; हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
लालकुआं। नैनीताल जनपद अंतर्गत लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के बेरीपड़ाव रेलवे क्रॉसिंग के समीप स्थित खुरपिया फॉर्म क्षेत्र में बुधवार सुबह एक महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुनसान स्थान पर शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान 50 वर्षीय सुनीता पत्नी स्वर्गीय संतपाल निवासी गोलागेट बेरीपड़ाव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सुनीता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने परिवार के साथ बेरीपड़ाव क्षेत्र में रह रही थी। परिवार में उसके पांच बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियों का विवाह हो चुका है।
जानकारी के मुताबिक सुनीता मंगलवार शाम से घर से लापता थी। परिजन देर रात तक उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। बुधवार सुबह खुरपिया फॉर्म क्षेत्र में एक महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान सुनीता के रूप में की। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली लालकुआं के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन राणा, हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन नाथ गोस्वामी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, जबकि साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। जांच के दौरान आसपास के लोगों से पूछताछ कर जरूरी जानकारी एकत्र की गई।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी रहस्य बना हुआ है। पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है, जबकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


