Lalkuan News: 330 नशीले इंजेक्शनों के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक सीज
330 नशीले इंजेक्शनों के साथ आरोपी को गिरफ्तार करती पुलिस टीम।
SOG और लालकुआं पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, बरेली के बहेड़ी से नशीले इंजेक्शन खरीदकर लाने का आरोपी ने किया खुलासा।
लालकुआं, 24 नवंबर 2026। नैनीताल जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालकुआं पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 330 नशीले इंजेक्शनों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी इन इंजेक्शनों को बरेली के बहेड़ी निवासी एक व्यक्ति से खरीदकर लाया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन’ के तहत नशे की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी थाना प्रभारियों को नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह के दिशा-निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा और एसओजी प्रभारी मोहन सोन के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग शुरू की।
चेकिंग के दौरान बाइक सवार से मिले 330 नशीले इंजेक्शन
पुलिस के मुताबिक 23 नवंबर 2026 को चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को संदिग्ध परिस्थितियों में रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान उसके कब्जे से 330 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान गुलफाम हुसैन उर्फ गंगू (34 वर्ष) पुत्र इरशाद हुसैन, निवासी गली नंबर तीन, लाइन नंबर एक, आजाद नगर, थाना बनभूलपुरा, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/60/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। नशीले इंजेक्शनों की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है।
बरेली के बहेड़ी से इंजेक्शन खरीदकर लाने की बात बताई
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बरामद नशीले इंजेक्शनों को बरेली के बहेड़ी निवासी आरिफ नामक व्यक्ति से खरीदकर लाया था। पुलिस अब इस मामले में इंजेक्शनों की आपूर्ति के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। आरोपी के पूर्व आपराधिक इतिहास का भी पता लगाया जा रहा है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक वंदना चौहान, कांस्टेबल गणेश गिरी, चालक कांस्टेबल खीम सिंह तथा एसओजी के कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा और भानू प्रताप शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


