हल्द्वानी में बड़ा हादसा टला: केवीएम स्कूल परिसर में भड़की भीषण आग, फायर-पुलिस की तत्परता से पाया काबू
हल्द्वानी के केवीएम स्कूल परिसर में लगी भीषण आग पर काबू पाने के दौरान राहत एवं बचाव कार्य में जुटी फायर ब्रिगेड की टीम।
हीरा नगर स्थित स्कूल में दो बसें और जनरेटर जले, समय रहते कार्रवाई से बड़ा नुकसान टला
हल्द्वानी, 23 जून 2026। शहर के हीरा नगर स्थित केवीएम स्कूल परिसर में मंगलवार शाम भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई। स्कूल के पार्किंग क्षेत्र में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की चपेट में आकर स्कूल परिसर में खड़ी दो बसें और एक जनरेटर सेट प्रभावित हो गए। हालांकि फायर ब्रिगेड और पुलिस विभाग की तत्परता के चलते समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, 23 जून 2026 को शाम 7:02 बजे फायर स्टेशन हल्द्वानी को डायल-112 एवं सीसीआर के माध्यम से केवीएम स्कूल, हीरा नगर में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही महज एक मिनट के भीतर फायर स्टेशन से एक फायर टेंडर और अग्निशमन दल को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया।
मौके पर पहुंची टीम ने आग की गंभीरता का आकलन किया तो स्थिति को देखते हुए तत्काल दो अतिरिक्त फायर टेंडर भी घटनास्थल भेजे गए। अग्निशमन कर्मियों ने समन्वित एवं त्वरित कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोका और कड़ी मशक्कत के बाद उस पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।
फायर विभाग के अनुसार आग स्कूल परिसर के पार्किंग क्षेत्र में खड़ी दो बसों तक फैल गई थी, जबकि भूतल पर स्थापित जनरेटर सेट भी इसकी चपेट में आ गया। राहत की बात यह रही कि आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास स्थित भवनों, अन्य वाहनों और निकटवर्ती संपत्तियों को नुकसान पहुंचने से बचा लिया गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का संभावित कारण आसपास चल रहा वेल्डिंग कार्य माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारियों से आग भड़की होगी। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं तथा विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


