कुम्भ मेला–2027: हरिद्वार में मुख्य सचिव ने स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों को दिया तेज गति का आदेश
सभी कार्य समयसीमा में पूर्ण करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश, ‘ग्रीन घाट’ और सौंदर्यीकरण पर विशेष फोकस
श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता सुनिश्चित करने के साथ हरिद्वार बाईपास शीघ्र पूर्ण करने के आदेश
हरिद्वार, 2 अप्रैल 2026: कुम्भ मेला–2027 की तैयारियों का जायज़ा लेने के लिए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को हरिद्वार में विभिन्न निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं और विभागीय समन्वय को सुदृढ़ बनाते हुए कार्यों में तेजी लाई जाए।
मुख्य सचिव ने अपर गंगा नहर के बाएं तट स्थित शहीद भगत सिंह घाट (कामधेनु घाट) से सिंहद्वार तक निर्माणाधीन घाटों, बैरागी कैम्प घाट और अन्य घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए रैम्प, चेंजिंग रूम और प्रसाधन की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया।
उन्होंने ‘ग्रीन घाट’ विकसित करने के निर्देश दिए, जिसमें घाटों को हरित पट्टियों, फूलों और पौधों से सजाया जाएगा। इसके अतिरिक्त ज्वालापुर–ईदगाह–पीएसी–शिवालिक नगर मार्ग, बहादराबाद–सिडकुल मार्ग, धनौरी–सिडकुल लिंक पुल और हरिद्वार बाईपास सहित सभी निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को प्रत्येक कार्य की नियमित मॉनिटरिंग, समयबद्ध प्रगति और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था में आईटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग की भी समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि कुम्भ मेला–2027 अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचेंगे। ऐसे में सभी विभागों को पूर्ण जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करना होगा।
इस अवसर पर सचिव शहरी विकास नितेश झा, आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, नगर आयुक्त नंदन कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, हरिद्वार विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी एवं मनजीत सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


