केदारनाथ यात्रा 2026: मजबूत पार्किंग व्यवस्था, श्रद्धालुओं को मिलेगा सुगम और सुरक्षित सफर
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर 15 पार्किंग स्थलों का विकास, यात्रा मार्ग पर जाम और दबाव कम करने के लिए रोडमैप तैयार
रुद्रप्रयाग। 22 अप्रैल से प्रारंभ होने वाली केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को लेकर जनपद में तैयारियां तेज़ी से की जा रही हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन द्वारा पार्किंग और यातायात व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को जाम जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
हर वर्ष बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने वाहनों की सुचारु आवाजाही के लिए विस्तृत और व्यवस्थित रोडमैप तैयार किया है। यात्रा मार्ग पर यातायात को नियंत्रित और सुचारु बनाए रखने के लिए कुल 15 पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है। इन पार्किंग स्थलों में श्रद्धालुओं के वाहनों को सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से खड़ा किया जाएगा।
जनपद की 6 प्रमुख बड़ी पार्किंग विशेष रूप से विकसित की गई हैं, जिनमें गुलाबराय, अगस्तमुनि, सीतापुर और सोनप्रयाग शामिल हैं। इन स्थानों पर बड़े स्तर पर पार्किंग निर्माण और विस्तार कार्य किए गए हैं, जिससे अधिक से अधिक वाहनों को समायोजित किया जा सके। इसके अलावा, यात्रा मार्ग के विभिन्न हिस्सों में छोटी-छोटी पार्किंग स्थलों का भी विकास किया गया है, ताकि वाहनों का दबाव किसी एक स्थान पर केंद्रित न हो और यातायात सुचारु रूप से चलता रहे।
जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि छोटी और बड़ी पार्किंगों को मिलाकर कुल 15 पार्किंग स्थल तैयार किए गए हैं, जहां बड़ी संख्या में वाहनों को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से पार्क करने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


