केदारनाथ यात्रा 2026: तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, बर्फ हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी
यात्रा से पहले मार्ग को सुरक्षित बनाने पर प्रशासन का फोकस, ग्लेशियर क्षेत्रों में चुनौतीपूर्ण कार्य जारी
रुद्रप्रयाग। आगामी 22 अप्रैल से प्रारंभ होने जा रही विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में केदारनाथ पैदल मार्ग पर जमी भारी बर्फ को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं के लिए यात्रा मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।
प्रशासन द्वारा बर्फ हटाने के लिए 60 मजदूरों की टीम तैनात की गई है, जिन्हें दो भागों में विभाजित कर अलग-अलग स्थानों पर कार्य में लगाया गया है। एक 30 सदस्यीय टीम केदारनाथ धाम से नीचे की ओर बर्फ हटाने का कार्य कर रही है, जबकि दूसरी 30 सदस्यीय टीम छोटी लिंचोली से ऊपर की ओर बढ़ते हुए लगभग 6 प्रमुख ग्लेशियर पॉइंट्स पर जमी बर्फ को हटाने में जुटी हुई है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के अधिशासी अभियंता राजविंद सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि केदारनाथ मार्ग पर कई स्थानों पर अत्यधिक बर्फ जमी हुई है। विशेष रूप से भैरव और कुबेर ग्लेशियर क्षेत्र में 15 से 18 फीट तक बर्फ पाई गई है, जिसे हटाने का कार्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी निरंतर जारी है।
उन्होंने बताया कि तैनात मजदूर पूरी लगन और उत्साह के साथ कार्य कर रहे हैं, ताकि यात्रा शुरू होने से पहले मार्ग पूरी तरह से तैयार किया जा सके। साथ ही प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि आवश्यकता पड़ी तो अतिरिक्त मजदूरों की तैनाती कर कार्य को और गति दी जाएगी।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


