केदारनाथ धाम यात्रा 2026: श्रद्धालुओं की सेवा में दिन-रात जुटी प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें
केदारनाथ यात्रा में यात्रियों की मदद करती प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम
यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए स्वास्थ्य, राहत और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस
रुद्रप्रयाग, 02 मई 2026। श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 सुचारु रूप से संचालित हो रही है। बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं तथा उच्च हिमालयी दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद जिला प्रशासन, पुलिस एवं आपदा प्रबंधन की टीमें यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए दिन-रात जुटी हुई हैं। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सहज और व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है, जिसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया है।
यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर तैनात प्रशासनिक एवं सुरक्षा टीमें लगातार यात्रियों की सहायता में लगी हुई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, आवास, यातायात प्रबंधन तथा आपातकालीन सहायता जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।
राहत एवं बचाव टीमें कठिन परिस्थितियों में भी सक्रिय रहकर जरूरतमंद श्रद्धालुओं को अस्पताल, हेलीपैड अथवा सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। कई मौकों पर ये टीमें यात्रियों के लिए देवदूत बनकर सहायता करती नजर आ रही हैं, जिससे प्रशासन के प्रति श्रद्धालुओं का विश्वास और अधिक मजबूत हो रहा है।
इसी बीच SDRF पोस्ट लिनचोली द्वारा ईमानदारी और तत्परता का सराहनीय उदाहरण भी सामने आया। जानकारी के अनुसार 1 मई 2026 को केदारनाथ यात्रा पर आए नई दिल्ली निवासी यात्री सचिन का बैग लिनचोली-केदारनाथ पैदल मार्ग में कहीं गिर गया था, जिसमें उनका मोबाइल फोन भी रखा हुआ था।
गश्त के दौरान SDRF पोस्ट लिनचोली पर तैनात कांस्टेबल आशीष बिष्ट और कांस्टेबल अजय विश्वकर्मा को बैग और मोबाइल लावारिस अवस्था में मिला। टीम ने तत्परता दिखाते हुए मोबाइल के माध्यम से यात्री से संपर्क किया और सत्यापन के बाद पूरा सामान सुरक्षित रूप से वापस सौंप दिया। अपना खोया सामान वापस मिलने पर यात्री ने SDRF टीम और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए उनकी कार्यप्रणाली की सराहना की।
जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग ने सभी श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने, अपने सामान का विशेष ध्यान रखने और किसी भी प्रकार की सहायता के लिए निकटतम पुलिस, प्रशासन या आपदा प्रबंधन टीम से संपर्क करने की अपील की है।
https://youtu.be/HpsZ3wym3wI?si=MmZFYdauL8tYug6h
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


