रुद्रप्रयाग: चारधाम यात्रा के दृष्टिगत NH-07 और NH-107 का निरीक्षण, सचिव पंकज कुमार पांडेय सख्त
मलबा हटाने, धूल सफाई और सड़क चौड़ीकरण के निर्देश, 2 दिन में कार्य पूरे करने की समयसीमा
रुद्रप्रयाग, 19 अप्रैल 2026: चारधाम यात्रा के मद्देनजर लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडेय ने राष्ट्रीय राजमार्ग NH-07 एवं NH-107 का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को शेष सभी कार्य अगले दो दिनों के भीतर हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मार्ग पर पड़े मलबे को तत्काल हटाने, धूल की समुचित सफाई सुनिश्चित करने तथा NH-107 के देविधार और रामपुर-खुमेरा खंड को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के निर्देश दिए गए। सोनप्रयाग स्लाइड ज़ोन में जाली लगाकर सुरक्षा उपाय मजबूत करने को भी कहा गया, वहीं कार्यस्थलों पर श्रमिकों के लिए हेलमेट व अन्य सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
सचिव ने NH-107 के संकरे स्थानों—ब्यांग, कोर्खी और सितापुर से पूर्व के हिस्सों—का निरीक्षण कर तकनीकी व्यवहार्यता के आधार पर दीवार निर्माण के जरिए सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव पर कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके अलावा सितापुर के पास PWD मार्ग की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को इसे दो दिनों के भीतर गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए।
सचिव पंकज कुमार पांडेय ने स्पष्ट कहा कि चारधाम यात्रा को देखते हुए सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ओंकार पांडे, इंद्रजीत बोस, आरपी नैथानी और डीडीएमए के राजविंद सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


