बागेश्वर: औचक निरीक्षण में मेडिकल स्टोर्स पर कार्रवाई, दो पर प्रतिबंध और एक का लाइसेंस निरस्तीकरण
जनस्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए औषधियों के भंडारण, वितरण और विक्रय में गंभीर अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई
बागेश्वर। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंड़े के निर्देशों के क्रम में जनस्वास्थ्य संरक्षण और औषधियों की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं प्रभावकारिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से औषधि निरीक्षक बागेश्वर पूजा रानी द्वारा बैजनाथ, गागरीगोल और मन्यूडा क्षेत्र स्थित औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों का सघन औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 और नियमावली, 1945 के अंतर्गत लाइसेंस शर्तों का अनुपालन, औषधियों के वैज्ञानिक भंडारण, आपूर्ति एवं वितरण प्रणाली और अभिलेख प्रबंधन का विस्तृत और तकनीकी परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में दो औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिनमें मुख्य रूप से सीसीटीवी प्रणाली का कार्य न करना, पंजीकृत फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में दवाओं का क्रय-विक्रय, एक्सपायर्ड दवाओं का अनुचित भंडारण, अभिलेखों का मौके पर सत्यापन न होना, दवाओं का निर्धारित तापमान पर भंडारण न होना और परिसर में साफ-सफाई का अभाव शामिल हैं।
इन अनियमितताओं को देखते हुए जनस्वास्थ्य हित में जोखिम न्यूनीकरण के लिए संबंधित दोनों प्रतिष्ठानों के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से क्रय-विक्रय प्रतिबंध अधिरोपित किया गया। यह प्रतिबंध तब तक प्रभावी रहेगा जब तक फर्म स्वामी सक्षम प्राधिकारी के समक्ष संतोषजनक स्पष्टीकरण और पूर्ण अनुपालन प्रस्तुत नहीं करते।
अतिरिक्त रूप से, निरीक्षण निष्कर्षों के आधार पर—
एक प्रतिष्ठान के विरुद्ध अत्यंत गंभीर एवं प्रणालीगत अनियमितताओं के चलते लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति की गई।
एक अन्य प्रतिष्ठान के विरुद्ध महत्वपूर्ण अनुपालन विचलनों के कारण लाइसेंस निलंबन की संस्तुति की गई।
औषधि विभाग ने स्पष्ट किया है कि औषधियों के विनिर्माण, भंडारण, वितरण और विक्रय में वैज्ञानिक और विनियामक मानकों का पालन अनिवार्य है। किसी भी लापरवाही या उल्लंघन की स्थिति में कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, ताकि जनस्वास्थ्य की सर्वोच्च सुरक्षा बनी रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


