बागेश्वर: जनता दरबार में डीएम आकांक्षा कोंडे ने सुनीं जन समस्याएं, त्वरित निस्तारण के निर्देश
जनता दरबार में बिजली, पानी, सड़क से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, लापरवाही पर सख्त चेतावनी
बागेश्वर, 20 अप्रैल 2026: जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में जिला सभागार में आयोजित जनता दरबार में जनपद भर से आए लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखीं। इस दौरान बिजली, सड़क, पेयजल, आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं, जिन पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए, जिससे अधिकांश मामलों का समाधान तत्काल किया गया।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि यदि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी। उन्होंने कहा कि नियमों की जानकारी के अभाव या विभागीय लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पेयजल आपूर्ति और मॉनिटरिंग पर जोर
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कांडा पंपिंग योजना की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनपद के प्रत्येक गांव में शत-प्रतिशत पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने इस कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए।
सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी ने नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पर असंतोष जताया, जिस पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को टीम गठित कर सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हेल्पलाइन और लंबित शिकायतों की समीक्षा
जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन और जनपद स्तरीय हेल्पलाइन पर लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया और सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर शिकायत का शत-प्रतिशत समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
जनगणना और समन्वय पर फोकस
बैठक में जनगणना कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण करने, जनजागरूकता बढ़ाने और कार्यों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं और गतिविधियों की नियमित जानकारी साझा करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


