लालकुआं में भीषण सड़क हादसा: ऑटो–कार टक्कर में महिला की मौत, एक ही परिवार के 8 घायल
गुमटी कट पर हुआ हादसा, बेतरतीब हाईवे कट फिर बने जानलेवा; चार बच्चों समेत नौ लोग थे सवार

लालकुआं ,18 अप्रैल 2026। राष्ट्रीय राजमार्ग 109 पर बने अव्यवस्थित कट एक बार फिर बड़े हादसे की वजह बन गए। शनिवार तड़के हल्द्वानी से लालकुआं की ओर आ रहा एक ऑटो गुमटी स्थित कट पर नेक्सॉन कार से टकराकर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गफूर बस्ती हल्द्वानी निवासी शोएब अपने भाई शाहरुख और अन्य परिजनों के साथ ऑटो संख्या यूके04टीबी2641 से लालकुआं की ओर जा रहा था। गुमटी के पास हाईवे पर बने कट को पार कर रही नेक्सॉन कार संख्या यूके04 एएन4247 से ऑटो की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पलट गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ऑटो में चार बच्चों समेत कुल नौ लोग सवार थे। हादसे में रोजी पत्नी शाहरुख की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शाहरुख, उनके चार बच्चे अरहान, अर्श, उजैर और मन्नत के साथ ही शोएब, मुकद्दस और मेहरू बी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
सूचना मिलते ही हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी शंकर नयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत हल्द्वानी के अस्पताल भिजवाया। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने बेतरतीब कटों को हादसों की बड़ी वजह बताते हुए प्रशासन से इन्हें व्यवस्थित करने और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


