हरिद्वार- बुद्ध पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब , अब तक 5 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

हरिद्वार। बुध पूर्णिमा पर्व पर धर्मनगरी हरिद्वार में सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। सुबह से ही हर की पैड़ी पर बड़ी संख्या में पहुंचकर श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं।
हर की पैड़ी गंगा घाट और उसके आसपास के घाटों पर सुबह से ही गंगा मैया की जय के जयकारे गूंज रहे है। देश भर से आये लाखों श्रद्धालु हर की पैड़ी पर गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य की कामना कर रहे हैं , अब तक 5 लाख से अधिक श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। माना जाता है कि बुद्ध पूर्णिमा के दिन गंगा में स्नान करने से हजारों गुना अधिक पुण्य फल मिलता है।
वहीं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जाम से बचने के लिए ट्रैफिक भी डायवर्ट किया गया है। जिले में सोमवार की सुबह 6:00 बजे से रात 10:00 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। इसके साथ ही हरिद्वार में आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग भी निर्धारित की गई है।

वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रदेश वासियों को बधाई व शुभकामनाएं दी है। बुद्ध पूर्णिमा पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बुद्ध के करुणा, अहिंसा और समानता के संदेश मानवता के मार्ग के लिए प्रकाश स्तंभ के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध के उपदेश हर परिस्थिति और काल में प्रासंगिक हैं। उनकी दी गई शिक्षा हमें संयम से आगे बढ़ने का संदेश देती है। महात्मा बुद्ध के विचार और जीवन मूल्य एक बेहतर समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए हमेशा मार्गदर्शक रहेंगे।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह(से नि) ने ‘बुद्ध पूर्णिमा’ के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई एवम शुभकामनाएँ दी हैं। अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि भगवान बुद्ध के जन्म दिवस को बुद्ध पूर्णिमा के रूप में मनाया जाता है। भगवान बुद्ध ने विश्व को मानवता को प्रेम, सत्य,अहिंसा, शांति व सेवा का संदेश दिया। भगवान बुद्ध का प्रेम, सहनशीलता एवं करूणा का संदेश वर्तमान में भी प्रासंगिक है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें