Haridwar Crime: दो बहनों की गोली मारकर हत्या का आरोपी भाई गिरफ्तार, डबल मर्डर का खुलासा
रुड़की दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर तमंचा बरामद किया।
चरित्र पर शक के चलते वारदात को दिया अंजाम, आरोपी ने दो-तीन दिन तक बहनों की निगरानी के बाद रची थी हत्या की साजिश; पुलिस ने तमंचा और मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान किया बरामद
हरिद्वार, 26 अगस्त 2026। हरिद्वार जिले के रुड़की में दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में हुई वारदात में पुलिस ने आरोपी भाई विवेक उर्फ विक्की को उसके गांव चुड़ियाला से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल .315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखे और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। गोलीबारी में आरोपी का जीजा भी गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बहनों के चरित्र पर शक होने की बात कबूल की है। उसे कथित तौर पर लगता था कि दोनों बहनों की वजह से परिवार की बदनामी हो रही है। इसी शक और पारिवारिक विवाद के चलते उसने दोनों की हत्या की योजना बनाई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात से पहले आरोपी करीब दो-तीन दिन तक अपनी बहनों की निगरानी कर रहा था, जिससे पुलिस को हत्या की पूर्व योजना होने का शक मजबूत हुआ है।
अलग-अलग स्थानों पर बरसाईं गोलियां
25 अगस्त की देर शाम रुड़की के गणेशपुर और आजाद नगर-पनियाला रोड क्षेत्र में संतोषी माता मंदिर के सामने गोली चलने से सनसनी फैल गई थी। आरोप है कि विवेक ने अलग-अलग स्थानों पर अपनी दोनों सगी बहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोली लगने से पुष्पा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल संगीता को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। मामले में मृतक महिलाओं के बेटे अर्जुन सिंह की तहरीर पर गंगनहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लगातार दबिश और जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को चुड़ियाला गांव से गिरफ्तार कर लिया।
मुजफ्फरनगर से खरीदा था तमंचा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने .315 बोर का तमंचा उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से खरीदा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य सामान बरामद किया है। आरोपी ने पूछताछ में बहनों को समझाने का दावा भी किया, लेकिन उसके मुताबिक बात नहीं मानने पर उसने दोनों की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अब घटना पर पछतावा होने की बात कही है।
संपत्ति विवाद के एंगल से भी जांच
हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में बहनों के चरित्र पर शक, पारिवारिक विवाद और संपत्ति विवाद के पहलू सामने आए हैं। पुलिस संपत्ति विवाद के एंगल की भी गहनता से जांच कर रही है। दोनों मृतका मूल रूप से आरोपी की सगी बहनें थीं और उनकी शादी उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में हुई थी। फिलहाल दोनों रुड़की में रह रही थीं।
पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी कर रही है। मामले में बरामद हथियार, खोखे, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों को भी स्पष्ट किया जाएगा।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



Nepal Flood: नेपाल में सैलाब की तबाही, 95 की मौत; 105 भारतीयों समेत 384 यात्री लापता