Haridwar Crime: जंगल में नाबालिग से गैंगरेप मामले का खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार
पथरी थाना क्षेत्र में नाबालिग से गैंगरेप मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
छह दिन तक पुलिस को चकमा देते रहे आरोपी, मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए; पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा
हरिद्वार। हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे थे और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। आखिरकार मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने सभी आरोपियों को दबोच लिया।
यह मामला 12 जुलाई की देर रात का है। पुलिस के अनुसार, नाबालिग पीड़िता अपने परिचित के साथ बाइक से किसी काम से निकली थी। आरोप है कि रास्ते में फुलगढ़ जंगल के समीप कुछ युवकों ने उनकी बाइक रोक ली। इसके बाद पीड़िता के साथ मौजूद युवक के साथ मारपीट की गई और नाबालिग को जबरन जंगल की ओर ले जाया गया, जहां उसके साथ एक युवक द्वारा दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस जांच के दौरान पीड़िता ने बताया कि आरोपी नशे की हालत में थे और उसे पूरी रात वहीं रोकने की योजना बना रहे थे। मौका मिलते ही वह किसी तरह उनके चंगुल से निकलकर नग्न अवस्था में पास के एक घर पहुंची, जहां एक महिला ने उसकी मदद की और कपड़े उपलब्ध कराए। इसके बाद पीड़िता अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
घटना के अगले दिन पीड़िता के पिता की तहरीर पर पथरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही और तकनीकी साक्ष्यों के साथ स्थानीय स्तर पर भी गहन पड़ताल की गई। पांच दिन की तलाश के बाद सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश उर्फ मंत्री (29), मोहित कुमार (25), सुमित (25), आशु (22), शुभम (22) और आकाश (23) के रूप में हुई है। सभी आरोपी थाना पथरी क्षेत्र के ग्राम फुलगढ़ के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 137(2), 70(2), 78(2), 65(1) और 3(क), 4(2),(ड), (जी) और 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है ,सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि नाबालिगों के विरुद्ध होने वाले जघन्य अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की विवेचना प्राथमिकता के आधार पर पूरी कर जल्द से जल्द न्यायालय में मजबूत चार्जशीट दाखिल की जाएगी, ताकि दोषियों को कठोर सजा दिलाई जा सके।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


