हरिद्वार में कांवड़िए को मारी गोली, आरोपी फरार; तलाश में जुटी पुलिस
हरिद्वार में कांवड़िए को गोली मारने की घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी। (प्रतीकात्मक फोटो)
हरिद्वार। हरिद्वार में गंगाजल लेकर लौट रहे एक कांवड़िए को अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारने का मामला सामने आया है। घटना कनखल थाना क्षेत्र में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हाईवे किनारे देर रात हुई। गोली लगने से कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में गंभीर हालत के चलते एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस ने आरोपियों की तलाश में रातभर अभियान चलाया।
ग्रेटर नोएडा का रहने वाला है घायल कांवड़िया
घायल युवक की पहचान अजय के रूप में हुई है, जो ग्रेटर नोएडा का निवासी बताया गया है। वह अपने साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर नोएडा लौट रहा था। रात अधिक होने के कारण कांवड़ियों का दल गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास हाईवे किनारे विश्राम के लिए रुका हुआ था।
शोर-शराबे को लेकर हुआ विवाद
कांवड़ियों के अनुसार, हाईवे के ऊपर बने पुल पर कुछ युवक शराब पी रहे थे और शोर-शराबा तथा गाली-गलौज कर रहे थे। कांवड़ियों ने उन्हें शांति बनाए रखने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि कुछ देर बाद वे युवक पुल से नीचे उतरकर कांवड़ियों के पास पहुंचे और विवाद बढ़ गया।
सीने पर निशाना, कंधे में लगी गोली
बताया गया कि विवाद के दौरान एक युवक ने अजय के सीने से सटाकर गोली चला दी। हालांकि गोली सीने की बजाय कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य कांवड़ियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पहले स्थानीय अस्पताल, फिर एम्स ऋषिकेश रेफर
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अजय को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
बुलेट बाइक छोड़कर फरार हुए आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि वे अपनी एक बुलेट मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छोड़ गए, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि पांच से छह हमलावर अन्य मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार हुए।
सीसीटीवी फुटेज और नाकाबंदी के सहारे तलाश
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत और एसएसआई अनुज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कराई और सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
विशेष कांवड़ यात्रा पर निकला था दल
जानकारी के अनुसार, अजय जिस दल के साथ यात्रा कर रहा था, वह गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर हरिद्वार से नोएडा जा रहा था। दल में करीब दस गौ सेवक शामिल थे और उन्हें लगभग 240 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करनी थी।
पुलिस का दावा, जल्द होंगे आरोपी गिरफ्तार
कनखल थाना के एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं घटना के बाद स्थानीय गौ सेवकों ने भी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


