हल्द्वानी: बर्खास्त शिक्षक के घर से दो तमंचे और एके-47 का कारतूस बरामद
Haldwani Crime News- हल्द्वानी के बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में रेलवे भूमि प्रकरण को लेकर 24 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तावित सुनवाई से पहले पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर से दो अवैध तमंचे ,16 कारतूस और प्रतिबंधित एके-47 का कारतूस बरामद किया है। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है ,जो पहले पॉक्सो मामले में जेल जा चुका है और इसी कारण उसे नैनीताल के एक सरकारी स्कूल में शिक्षक के पद से बर्खास्त किया गया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार गौजाजाली उत्तर स्थित आयशा मस्जिद के पास एक व्यक्ति के घर में अवैध हथियार होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपित मोबिन खान के पास से 315 बोर का एक तमंचा और दो कारतूस, 12 बोर का तमंचा और चार कारतूस, 7.62 एमएम का एक कारतूस (एके-47 का) तथा 7.65 एमएम के दस कारतूस बरामद किए गए। हथियार अलमारी के ऊपर छिपाकर रखे गए थे।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 और 7/25(1क) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि प्रतिबंधित कारतूस उसके पास कैसे पहुंचा और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
पॉक्सो मामले में जेल जा चुका है आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में पॉक्सो मामले में जेल जा चुका है और हाल ही में सजा काटकर घर लौटा था। इसी मामले के चलते उसे सरकारी शिक्षक की नौकरी से भी हटाया गया था।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


