हल्द्वानी पुलिस का बड़ा खुलासा: बाइक चोरी गैंग का पर्दाफाश, 2 शातिर चोर गिरफ्तार
बाइक चोरी गैंग का खुलासा करने के बाद गिरफ्तार आरोपियों के साथ हल्द्वानी पुलिस टीम।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में कार्रवाई, चोरी की बुलेट और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद
हल्द्वानी। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर एक चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे सुशीला तिवारी अस्पताल के बाहर से चोरी की गई पल्सर बाइक को नेपाल में बेच चुके हैं।
पुलिस के अनुसार 1 मई 2026 को हल्दूचौड़ निवासी विशांत टम्टा ने कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बजाज पल्सर बाइक, जो 29 अप्रैल को सुशीला तिवारी अस्पताल गेट के सामने खड़ी थी, अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली। मामले में एफआईआर संख्या 142/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी के निर्देश पर एसपी सिटी मनोज कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो संदिग्ध एक एक्टिवा स्कूटी से आते दिखाई दिए। तकनीकी विश्लेषण और सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने 3 मई को दलवीर सिंह निवासी नानकमत्ता और संजय कालरा निवासी रुद्रपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर थाना बनभूलपुरा क्षेत्र से पूर्व में चोरी हुई बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी भी कब्जे में ले ली है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराधियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें



साप्ताहिक राशिफल: 4 से 9 मई तक सभी राशियों का भविष्यफल, शुभ रंग और अंक भी जानें