हल्द्वानी में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, फैशन बुटीक से 5 किलो चरस बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
काठगोदाम में पुलिस, ANTF और STF की संयुक्त कार्रवाई में 5 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार।
काठगोदाम पुलिस, ANTF और STF की संयुक्त टीम ने बुटीक पर छापेमारी कर दो तस्करों को दबोचा, 5 किलो से अधिक चरस बरामद
हल्द्वानी,10 मई 2026। एसएसपी नैनीताल डॉ0 मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस, ANTF और STF कुमाऊं टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने काठगोदाम क्षेत्र में छापेमारी कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध चरस बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 10 मई 2026 को ANTF/STF कुमाऊं और काठगोदाम पुलिस की संयुक्त टीम ने दमुवाढूंगा क्षेत्र के देवखड़ी में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के सामने स्थित “डी फैशन बुटीक” नामक दुकान पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो अभियुक्तों के कब्जे से 5 किलो 2 ग्राम अवैध चरस बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रवीण आर्या (50 वर्ष), निवासी देवखड़ी दमुवाढूंगा थाना काठगोदाम और बलवन्त सिंह (44 वर्ष), निवासी ग्राम तीख, पोस्ट डोला, थाना कपकोट जिला बागेश्वर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद चरस बागेश्वर क्षेत्र से लाकर सप्लाई की जा रही थी। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
इसके साथ ही पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। बरामदगी के बाद क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ चल रही मुहिम को और अधिक तेज कर दिया गया है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


