हल्द्वानी: बेसहारा गोवंश को मिलेगा सहारा, डीएम के निर्देश — 6 नई गौशालाएं जल्द बनेंगी
जिलाधिकारी ने भूमि चयन और बजट आवंटन के निर्देश दिए
ग्रामीण क्षेत्रों के पशुओं के लिए कैचर लिफ्टिंग वाहन जल्द क्रय होंगे
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
हल्द्वानी ,4 अप्रैल 2026: जिलाधिकारी कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय गौशाला स्थापना एवं संचालन अनुश्रवण प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिले में निराश्रित गोवंश पशुओं के संरक्षण और उनके कल्याण के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।
6 नए गौसदनों की स्थापना के लिए निर्देश
समिति ने जनपद के विभिन्न स्थानों में 6 नवीन गौसदनों की स्थापना एवं संचालन को स्वीकृति दी। सभी कार्यदाई संस्थाओं और विभागों को निर्देश दिए गए कि भूमि चयन कर आगणन तैयार किया जाए और तत्काल कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने मालधन चौड़, गोलापुर और श्रीकैंचीधाम क्षेत्रों में प्रस्तावित गौसदनों की डीपीआर तैयार करने और बजट आवंटन जिला खनिज न्यास निधि से करने की अनुमति दी। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को पत्रावली शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
कैचर लिफ्टिंग वाहन क्रय न होने पर नाराजगी
बैठक में जिला पंचायत द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में निराश्रित गोवंश पशुओं को गौसदन तक पहुंचाने हेतु कैचर लिफ्टिंग वाहन अभी तक नहीं खरीदे जाने पर नाराजगी व्यक्त की गई। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए। साथ ही मालधन चौड़ में गौशाला निर्माण की कार्रवाई और सभी ग्रामीण क्षेत्रों के पशुओं को गौसदन में स्थानांतरित करने के आदेश दिए गए।
भूमि चयन और निर्माण के निर्देश
जिलाधिकारी ने गौलापार में बृहद गौशाला के लिए, भीमताल में गौशाला स्थापना के लिए और श्रीकैंचीधाम (खैरना क्षेत्र) में गौशाला निर्माण के लिए भूमि चयन के निर्देश उप जिलाधिकारियों को दिए। संबंधित नगर पालिकाओं और जिला पंचायत को आपसी समन्वय बनाते हुए नए गौसदन निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र पूरा करने के आदेश दिए गए।
कार्यदाई संस्थाओं का नामांकन:
गौलापार: जिला पंचायत नैनीताल
भीमताल: नगर पालिका भीमताल
श्रीकैंचीधाम: नगर पालिका भवाली
प्रशिक्षण और संचालन के निर्देश
बैठक में मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत निराश्रित गौवंश को गौसदनों में स्थानांतरित करने और संबंधित लोगों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को गौसदनों के संचालन हेतु तुरंत विज्ञप्ति जारी करने और प्राप्त प्रस्ताव शासन को प्रेषित करने के आदेश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि गौवंशीय और निराश्रित पशुओं के कल्याणार्थ संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी माननीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों तक पहुंचाई जाए।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. सी. जोशी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक सहित सभी नगर निकाय क्षेत्रों के अधिशासी अधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


