हल्द्वानी: निजी स्कूलों–बुक सेलरों के गठजोड़ पर प्रशासन सख्त, 46 स्कूलों को नोटिस
महंगी किताबें थोपने और तय दुकानों से खरीदारी के दबाव की शिकायतों पर कार्रवाई, 11 अप्रैल तक मांगा जवाब
हल्द्वानी , 8 अप्रैल 2026
हल्द्वानी में निजी स्कूलों और बुक सेलरों के कथित गठजोड़ पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के बाद प्रशासन और शिक्षा विभाग की संयुक्त जांच में कई अनियमितताएं सामने आने पर मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल ने 46 निजी स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जांच के दौरान सामने आया कि कई निजी स्कूल अभिभावकों को एनसीईआरटी की सस्ती किताबों के बजाय निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें खरीदने के लिए मजबूर कर रहे थे। इसके अलावा कुछ दुकानों से ऐसे पर्चे भी बरामद हुए, जिनमें अभिभावकों को निर्देश दिया गया था कि वे कॉपी-किताब केवल तय दुकानों से ही खरीदें।
सीईओ द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि सिटी मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में गठित जांच समिति की रिपोर्ट में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गई हैं। इनमें अभिभावकों को विशेष दुकानों से ही किताबें खरीदने के लिए बाध्य करना, एनसीईआरटी के अलावा महंगी निजी प्रकाशकों की किताबें थोपना, स्कूलों द्वारा सीबीएसई के निर्देशों का उल्लंघन करना तथा स्कूलों की वेबसाइट पर अनिवार्य सूचनाएं और फीस स्ट्रक्चर सार्वजनिक न करना शामिल है।
नोटिस में यह भी कहा गया है कि यह कृत्य शासन, प्रशासन और सीबीएसई के स्पष्ट निर्देशों का उल्लंघन है, जिसे गंभीरता से लिया गया है। सभी संबंधित स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे 11 अप्रैल 2026 को शाम 5 बजे तक अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।
यदि तय समय में जवाब नहीं दिया गया या जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो संबंधित स्कूलों के खिलाफ मान्यता या संबद्धता पर कार्रवाई के साथ-साथ विधिक कार्रवाई और अन्य प्रशासनिक दंडात्मक कदम भी उठाए जा सकते हैं।
नोटिस पाने वाले स्कूलों की सूची
जिला प्रशासन की कार्रवाई के तहत जिन 46 निजी स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, उनमें वेदान्तम इंटरनेशनल स्कूल (दमुवादूंगा), ग्रीन सिटी पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), आदर्श पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), आरूष पब्लिक स्कूल (कुंवरपुर, हल्द्वानी), न्यू बाल संसार पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), चिल्ड्रन वैली पब्लिक स्कूल (बरेली रोड, हल्द्वानी), डी लैम्प पब्लिक स्कूल (दमुवादूंगा, हल्द्वानी), दर्पण चिल्ड्रन गार्डन पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), ईमैनुअल पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), ग्रीन वुड पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), जी-किड्स पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), हिमालया विद्या मंदिर (हल्द्वानी), इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल (हल्द्वानी), देवभूमि पब्लिक स्कूल (देवलचौड़, हल्द्वानी), जय दुर्गे पब्लिक स्कूल (दमुवादूंगा, हल्द्वानी), किड्स केयर पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), किंग्सफोर्ड पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), काठगोदाम पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), लिटिल जीनियस पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), लिटिल स्पार्कल एकेडमी (हल्द्वानी), मानस पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), नेशनल पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), न्यू सनसाइन पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), न्यू रेनबो पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), शेमफोर्ड पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), सेंट लुक्स पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), श्री कृपा पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), सेंट जॉर्ज पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), सनराइज पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), समिट पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), विवेकानंद पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), सन बीम पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), एसकेएम पब्लिक स्कूल (देवलचौड़, हल्द्वानी), फन विथ ड्राइंग पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), टेंडर फीट पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), विजडम पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), वुडलैंड पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), वीवीएम पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), होली एंजेल पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), पीडी मेमोरियल पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), न्यू फैंग लैंड पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), स्प्रिंग फील्ड पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी), दून पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल (हल्द्वानी) तथा आर्यमान विक्रम बिड़ला पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी) शामिल हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


