रुद्रप्रयाग: ‘4 साल बेमिसाल’ पर भव्य आयोजन, विकास योजनाओं, सम्मान और जनसेवा शिविरों से जनता लाभान्वित
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर रुद्रप्रयाग में भव्य कार्यक्रम आयोजित
प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा की अध्यक्षता में “जन-जन की सरकार – 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम से आमजन हुए लाभान्वित
विकास योजनाओं, जनसेवा शिविरों एवं लाभार्थी सम्मान के माध्यम से जनकल्याण को मिला बढ़ावा
रुद्रप्रयाग, 23 मार्च 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “जन-जन की सरकार – 4 साल बेमिसाल” थीम के अंतर्गत जनपद रुद्रप्रयाग सहित संपूर्ण प्रदेश में दिनांक 23 मार्च, 2026 से 25 मार्च, 2026 तक विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य राज्य सरकार द्वारा विगत चार वर्षों में किए गए विकास कार्यों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करना है।
इसी क्रम में आज जनपद रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा भवन में प्रभारी मंत्री/कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा की अध्यक्षता में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री/विधायक रुद्रप्रयाग भरत सिंह चौधरी एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों द्वारा प्रभारी मंत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों को स्मृति चिन्ह देकर उनका स्वागत किया गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा देहरादून से प्रदेश की जनता को संबोधित किया गया, जिसका सजीव प्रसारण कार्यक्रम स्थल पर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि रुद्रप्रयाग जनपद देवभूमि उत्तराखंड का एक महत्वपूर्ण एवं सांस्कृतिक रूप से समृद्ध क्षेत्र है। श्री केदारनाथ धाम, अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों की पावन धरा पर बसे इस जनपद का विकास जनसहयोग, परिश्रम और विश्वास के बल पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्री के रूप में जनपद की देवतुल्य जनता की सेवा का अवसर मिलना उनका सौभाग्य है। उन्होंने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं तथा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर देश में एक नई मिसाल कायम की है, जिससे बाबा साहब के सपनों को साकार किया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण, शहीदों और राज्य आंदोलनकारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा उन्हें शासकीय सेवाओं में आरक्षण प्रदान कर यह प्रतिबद्धता प्रदर्शित की गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके निरंतर भ्रमण से राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान मिली है। पशुपालन के क्षेत्र में ‘गोट वैली योजना’ के माध्यम से दो वर्षों में लगभग 4500 परिवारों को रोजगार से जोड़ा गया है। साथ ही, उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है जिसने आईटीबीपी के साथ सीधा अनुबंध कर पशुपालकों को बिना बिचौलियों के उत्पादों की आपूर्ति की सुविधा दी है, जिससे 48 घंटे के भीतर डीबीटी के माध्यम से भुगतान सीधे उनके खातों में पहुंचता है। भविष्य में सेना एवं एसएसबी के साथ भी ऐसे अनुबंध किए जाने की योजना है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सशक्त नकल विरोधी कानून लागू किया है, जिसके परिणामस्वरूप 30 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष परीक्षाओं के माध्यम से रोजगार प्राप्त हुआ है। इसके अतिरिक्त, इन्वेस्टर समिट में हुए लगभग 3 लाख करोड़ रुपये के एमओयू के सापेक्ष अब तक सवा लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं, जिससे रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को गति मिली है।
उन्होंने बताया कि राज्य में सड़क कनेक्टिविटी लगातार सुदृढ़ हो रही है। आगामी केदारनाथ यात्रा, जो 22 अप्रैल 2026 से प्रस्तावित है, के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण की जा रही हैं तथा यात्रा मार्ग को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाया जा रहा है। उन्होंने घोड़ा-खच्चर संचालकों के लिए सब्सिडी प्रदान करने की प्रक्रिया को भी गतिमान बताया और अधिकारियों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित यात्रा संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन के समग्र विकास तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और देवभूमि को देश में अग्रणी बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि केदारनाथ धाम तक पहुँचने हेतु लगभग 4000 करोड़ की लागत से रोपवे परियोजना सहित विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर हैं। वर्ष 2025 में 17.57 लाख श्रद्धालुओं द्वारा दर्शन किए जाना जनपद की बढ़ती धार्मिक और पर्यटन महत्ता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि दिनांक 4 दिसम्बर, 2025 को पौराणिक औंकारेश्वर मन्दिर ऊखीमठ से श्री केदारनाथ शीतकालीन यात्रा 2025 का शुभारम्भ किया गया है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद को जिला सेक्टर / राज्य सेक्टर / केन्द्र सेक्टर से लगभग 300 करोड़ धनराशि विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों हेतु प्राप्त हुए जिसका लगभग शत प्रतिशत का उपयोग जनपद द्वारा किया जा चुका है।
विकास खण्ड ऊखीमठ में रू0 727.72 लाख की लागत से पंचकेदार श्री मद्द्महेश्वर मन्दिर जाने वाले पैदल मार्ग के कि०मी० 26 बनतोली में 90 मी० झूला पुल का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है।
विकास खण्ड ऊखीमठ में त्रियुगीनारायण से तोषी तक रू0 201.98 लाख की लागत से मोटर मार्ग के कि०मी० 2 में 30 मी० स्पान स्टील गर्डर सेतु का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है।
जनपद में विकास कार्यों को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़क, पुल और पार्किंग निर्माण, सिंचाई नहरों का विस्तार, मोटर मार्गों का सुदृढ़ीकरण तथा केदारनाथ यात्रा मार्ग पर विभिन्न सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। त्रियुगीनारायण मंदिर को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे पर्यटन और स्थानीय आर्थिकी को बढ़ावा मिल रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र में जिला चिकित्सालय में सीटी स्कैन, नवजात देखभाल इकाई तथा क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूह, कीवी मिशन और ट्राउट उत्पादन जैसी योजनाओं के माध्यम से स्थानीय लोगों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों लाभार्थियों को सीधे लाभान्वित किया गया है, जिससे जनपद विकास और जनसेवा के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं से लाभान्वित 58 लाभार्थियों को विभिन्न सामग्री वितरित की गई। मा० मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उन्हें प्रभारी मंत्री द्वारा टैबलेट वितरित कर लाभान्वित किया गया। साथ ही, पशु सखी के रूप में चयनित 15 महिलाओं को स्मार्ट फोन प्रदान किए गए, जिससे वे अपने कार्यों का संचालन अधिक प्रभावी ढंग से कर सकें। इसके अतिरिक्त ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना (REAP) के अंतर्गत जनपद में स्वयं सहायता समूहों एवं सीएलएफ (CLF) के माध्यम से विभिन्न उद्यमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में शिव शक्ति CLF – महड को CBO लेवल एंटरप्राइज के तहत होम स्टे संचालन हेतु 6.00 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की गई है। वहीं, जय रुद्रनाथ CLF – जवाड़ी, महिला उत्थान CLF – जखोली तथा जय अगस्त्य ऋषि CLF – स्युर को कलेक्शन सेंटर स्थापित करने के लिए प्रत्येक को 4.80 लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है। इस योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, स्वरोजगार को प्रोत्साहन तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। इसके साथ ही समाज कल्याण विभाग द्वारा 15 दिव्यांगजनों को बैसाखी, श्रवण यंत्र एवं अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए गए। अनुसूचित जाति वर्ग की बालिका को विवाह सहायता के रूप में 50,000 रुपये का चेक प्रदान किया गया।
इसके साथ ही जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के 48 कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में एस.आई.आर. मैपिंग के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 बी.एल.ओ. को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा पात्र लाभार्थियों के आवेदन एवं पंजीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। साथ ही विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर आमजन को स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की गईं।
इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्तराखण्ड की लोक परंपराओं, लोक नृत्य, लोक गायन एवं लोक कला का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। साथ ही नागरिकों को विभिन्न डिजिटल एवं ऑनलाइन सरकारी सेवाओं के उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल,जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, क्षेत्र पंचायत प्रमुख अगस्त्यमुनि भुवनेश्वरी देवी, उपाध्यक्ष राज्य महिला आयोग ऐश्वर्या रावत, राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, बी.के.टी.सी. उपाध्यक्ष विजय कप्रवान, भाजपा जिलाध्यक्ष भरत भूषण भट्ट, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश सहित विभिन्न अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


