लालकुआं–बिंदुखत्ता में गैस संकट खत्म हुआ, अब रोस्टर के अनुसार घर-घर पहुंचेगा सिलेंडर
तीन दिन की बाधा के बाद व्यवस्था बहाल, उपभोक्ताओं से बुकिंग अनिवार्य करने और भीड़ न लगाने की अपील
लालकुआं( जीवन गोस्वामी)। नगर व आसपास के क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों का वितरण अब तय रोस्टर के अनुसार सुचारु रूप से किया जाएगा। पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत ने बताया कि पिछले तीन दिनों से गैस गोदाम में सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित रहने के कारण वितरण व्यवस्था प्रभावित हो गई थी, जिससे रोस्टर गड़बड़ा गया और उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उन्होंने जानकारी दी कि अब स्थिति सामान्य हो चुकी है और लालकुआं, बिंदुखत्ता व हल्दूचौड़ सहित सभी क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों की नियमित होम डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है। उपभोक्ताओं के लिए गैस बुकिंग कराना अनिवार्य होगा। जिन उपभोक्ताओं की ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो पा रही है, वे संबंधित गैस एजेंसी में जाकर बुकिंग करा सकते हैं।
पूर्ति निरीक्षक ने लोगों से अपील की कि सड़कों पर सिलेंडरों की लाइन लगाकर भीड़ न करें, इससे अव्यवस्था फैलती है और अन्य उपभोक्ताओं को भी दिक्कत होती है। उन्होंने धैर्य बनाए रखने और प्रशासन पर विश्वास रखने को कहा, साथ ही आश्वस्त किया कि सभी उपभोक्ताओं तक सिलेंडर उनके घरों तक पहुंचाए जाएंगे।
गौरतलब है कि पिछले तीन दिनों से ढलान चक्की क्षेत्र में ग्रामीण गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे थे। मंगलवार को वितरण के आश्वासन के बाद लोग अपने-अपने घर लौट गए।
सुरुचि गैस एजेंसी के तय रोस्टर के अनुसार लालकुआं शहर, सीपीपी कॉलोनी, 25 एकड़, बिंदुखत्ता ट्रॉली लाइन, इंदिरा नगर प्रथम व द्वितीय, हाटाग्राम, संजय नगर समेत हल्दूचौड़ क्षेत्र में भी गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी की जाएगी। वहीं, आगामी मंगलवार को कार रोड ढलान चक्की क्षेत्र में विशेष रूप से व्यापक वितरण अभियान चलाया जाएगा।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


