उत्तराखंड: सुरई वन रेंज में बाघ का रौद्र हमला, मवेशी चराने गई महिला बनी शिकार
71 वर्षीय गोपुली देवी पर झाड़ियों में घसीटकर किया हमला, मौके पर मौत
घटना के बाद इलाके में दहशत, वन विभाग ने बढ़ाई गश्त, मुआवजे की प्रक्रिया शुरू
खटीमा: उधम सिंह नगर जिले के खटीमा स्थित सुरई वन रेंज में मानव-वन्यजीव संघर्ष की दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां पशुओं को चराने जंगल गई 71 वर्षीय गोपुली देवी को बाघ ने अपना शिकार बना लिया। बताया जा रहा है कि ग्राम बग्गा 54 निवासी गोपुली देवी गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे मवेशियों के साथ जंगल गई थीं, तभी बाघ ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें झाड़ियों में खींच ले गया।
घटना की सूचना साथ मौजूद अन्य चरवाहों ने ग्रामीणों को दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और सर्च अभियान चलाकर महिला का शव बरामद किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा उपजिला चिकित्सालय भेजा गया।
गर्दन पर किया हमला, सैंपल जांच को भेजे
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार बाघ ने महिला की गर्दन पर हमला किया था। घटना स्थल के पास हवाई फायरिंग भी की गई, जिसके बाद बाघ जंगल की ओर भाग गया। बाघ के लार और बालों के सैंपल जांच के लिए देहरादून स्थित लैब भेजे गए हैं।
ग्रामीणों में आक्रोश, सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ रही हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।
गश्त बढ़ी, मुआवजे की कार्रवाई शुरू
खटीमा उप वन प्रभाग की एसडीओ संचिता वर्मा और सुरई वन रेंज के रेंजर राजेंद्र सिंह मनराल ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पीड़ित परिवार को वन विभाग की ओर से नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
मृतका अपने पीछे दो विवाहित बेटियां और एक अविवाहित पुत्र चंदन सिंह को छोड़ गई हैं। वह पशुपालन के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


