‘चार साल बेमिसाल’: 23 मार्च को राजधानी देहरादून में मुख्य आयोजन, सीएम धामी का LIVE संबोधन पूरे प्रदेश में
प्रदेशभर में 23 से 25 मार्च तक होंगे कार्यक्रम, विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास; प्रशासन ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप
आयुक्त, डीएम और एसएसपी ने व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, तैयारियों को लेकर दिए सख्त निर्देश
देहरादून, 22 मार्च 2026: उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 23 से 25 मार्च तक पूरे प्रदेश में “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” थीम के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम 23 मार्च को राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपराह्न 12:30 बजे जनता को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम का प्रदेशभर में सजीव प्रसारण भी किया जाएगा।
तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मुख्य समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, जिलाधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने रविवार को परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया। इस दौरान नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और समयबद्ध तैयारियों के निर्देश दिए गए।
मिनट-टू-मिनट प्लान और बैकअप पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान मंच, बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश, एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम, यातायात और पार्किंग की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सभी तैयारियां सुनिश्चित हों और विद्युत व साउंड सिस्टम के लिए पर्याप्त बैकअप प्लान रखा जाए।
जनसेवा से जुड़ी सुविधाएं भी रहेंगी उपलब्ध
कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, दिव्यांग प्रमाण पत्र, सहायक उपकरण वितरण और अन्य जरूरी प्रमाण पत्रों की व्यवस्था भी की जाएगी। साथ ही प्रतिभागियों के लिए स्वच्छ पेयजल और जलपान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से प्रदेश की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में बीते चार वर्षों के विकास कार्यों और राज्य को श्रेष्ठ बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों की झलक भी प्रस्तुत की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान राज्य आपदा प्रबंधन उपाध्यक्ष विनय रोहिला, पूर्व अध्यक्ष अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग अशोक वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, सहायक निदेशक सूचना बद्री चंद नेगी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


