Earthquake: उत्तराखंड में भूकंप के झटके, 1 घंटे में तीन बार डोली धरती; घरों से बाहर निकले लोग
कपकोट क्षेत्र में रहे भूकंप के केंद्र, अधिकतम तीव्रता 3.1; प्रशासन सतर्क, नुकसान की कोई सूचना नहीं
बागेश्वर, 19 अप्रैल। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में रविवार सुबह भूकंप के लगातार झटकों से लोग सहम गए। एक घंटे के भीतर धरती तीन बार कांपने से दहशत का माहौल बन गया और कई लोग घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े। हालांकि राहत की बात यह रही कि अभी तक कहीं से किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
एक घंटे में तीन बार हिली धरती
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप का सिलसिला सुबह करीब 10:32 बजे शुरू हुआ। पहला झटका 3.1 तीव्रता का दर्ज किया गया, जिसके बाद 10:46 बजे 2.6 तीव्रता का दूसरा झटका महसूस किया गया। इसके बाद 11:31 बजे तीसरा झटका आया, जिसकी तीव्रता 2.8 मापी गई। लगातार झटकों के कारण लोगों में भय बना रहा।
कपकोट क्षेत्र रहा केंद्र में
भूकंप का केंद्र कपकोट तहसील के बदियाकोट, सोराग और बाछम क्षेत्र के आसपास जमीन से लगभग 5 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज किया गया। केंद्र के नजदीक होने के कारण इन दूरस्थ इलाकों में झटके अधिक तीव्रता से महसूस किए गए, जबकि जिले की अन्य तहसीलों में भी हल्का कंपन दर्ज किया गया।
प्रशासन अलर्ट, नुकसान का आकलन जारी
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि सभी तहसीलों से मिली प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार कहीं से किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। एहतियात के तौर पर राजस्व विभाग की टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में भेजा गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील है क्षेत्र
विशेषज्ञों के अनुसार उत्तराखंड का पर्वतीय क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। छोटे-छोटे झटके यहां सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन लगातार झटकों की स्थिति में सतर्कता जरूरी होती है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


