उत्तराखंड में फिर कांपी धरती: सुबह-सुबह महसूस हुए तेज झटके, लोग घरों से बाहर निकले
रुद्रप्रयाग में 5.02 तीव्रता का भूकंप, एक हफ्ते के भीतर दूसरी बार हिली जमीन
देहरादून/रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में एक बार फिर भूकंप के झटकों से धरती कांप उठी। शनिवार सुबह अचानक आए झटकों से लोग घबरा गए और अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार रुद्रप्रयाग जिले में शनिवार सुबह करीब 5:13 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.02 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र रुद्रप्रयाग से करीब 10 किलोमीटर पूर्व में था, जबकि इसकी गहराई लगभग 15 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार झटके करीब 10 से 15 सेकंड तक महसूस किए गए, जिसके दौरान घरों और इमारतों में कंपन साफ तौर पर महसूस हुआ। अचानक आए झटकों से लोग घबरा गए और कई लोग एहतियात के तौर पर घरों से बाहर निकल आए।
हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क है।
एक हफ्ते में दूसरी बार कांपी धरती
गौरतलब है कि 5 अप्रैल को बागेश्वर जिले में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे। उस समय भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.7 दर्ज की गई थी।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार यह भूकंप सुबह 11:47:08 बजे आया था। इसका केंद्र 30.047 उत्तरी अक्षांश और 79.901 पूर्वी देशांतर पर स्थित था और इसकी गहराई करीब 10 किलोमीटर दर्ज की गई थी।
पहाड़ी इलाकों में हल्के भूकंप सामान्य
विशेषज्ञों के अनुसार हिमालयी क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील है, इसलिए पहाड़ी इलाकों में इस तरह के हल्के भूकंप आना सामान्य प्रक्रिया मानी जाती है। हालांकि ऐसे झटके लोगों को आपदा के प्रति सतर्क और तैयार रहने का संकेत भी देते हैं।
फिलहाल प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


