रुद्रप्रयाग: प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से हेली सेवा के जरिए बची हार्ट अटैक मरीज की जान, एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से समय रहते एयरलिफ्ट, गंभीर मरीज की हालत अब स्थिर
रुद्रप्रयाग। जनपद में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से एक गंभीर हृदय रोगी की जान बचाने का सफल प्रयास किया गया। त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय के चलते मरीज को समय रहते हेली सेवा के माध्यम से उच्च चिकित्सा संस्थान पहुंचाया गया।
बुधवार को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग में हार्ट अटैक से पीड़ित 41 वर्षीय कुंदीलाल, निवासी जखोली, को गंभीर अवस्था में लाया गया। चिकित्सकों ने तत्काल प्राथमिक उपचार देते हुए थ्रोम्बोलाइसिस (Thrombolysis) और इंट्यूबेशन (Intubation) की प्रक्रिया अपनाई।
मरीज की नाजुक स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने बिना देर किए यूकाडा के सहयोग से हेली सेवा की व्यवस्था की। मरीज को गुलाबराय हेलीपैड से एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
हेली एम्बुलेंस टीम ने पूरे रास्ते मरीज की स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए लगातार प्रयास किए और सुरक्षित रूप से एम्स ऋषिकेश की इमरजेंसी में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने मरीज को स्थिर कर लिया है और आगे का उपचार जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश, जिला चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. अथिरा और डॉ. दीपिका कांडपाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, कैप्टन राजेश भारद्वाज और विक्रांत भारद्वाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह घटना आपातकालीन परिस्थितियों में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य सेवाओं की तत्परता, समन्वय और संवेदनशीलता का बेहतरीन उदाहरण पेश करती है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


