देहरादून: आधुनिक इंटेंसिव केयर सेंटर को 41 सीटर बस, डीएम सविन बंसल ने दिखाई हरी झंडी, डॉरमेट्री का उद्घाटन
आधुनिक इंटेंसिव केयर सेंटर के लिए 41 सीटर बस को हरी झंडी दिखाते डीएम सविन बंसल, देहरादून।
भिक्षावृत्ति और बालश्रम से मुक्त 200 से अधिक बच्चे शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़े, पुनर्वास अभियान जारी
देहरादून, 30 अप्रैल 2026। जनपद देहरादून में बाल भिक्षावृत्ति उन्मूलन एवं बच्चों के पुनर्वास के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आधुनिक इंटेंसिव केयर सेंटर, साधु राम इंटर कॉलेज, राजा रोड में पंजीकृत बच्चों को विद्यालय लाने-ले जाने हेतु 41 सीटर बस को जिलाधिकारी सविन बंसल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह बस डीएमएफ फंड से उपलब्ध कराई गई है, जिससे बच्चों की शिक्षा और रेस्क्यू अभियान को गति मिलेगी।
जिलाधिकारी ने इंटेंसिव केयर सेंटर में अब तक रेस्क्यू किए गए कुल 369 बच्चों के शैक्षणिक पुनर्वास की समीक्षा की। अभियान के तहत 200 से अधिक बालक-बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ते हुए विद्यालयों में प्रवेश दिलाया गया है। चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर बच्चों की निगरानी और त्वरित रेस्क्यू के लिए 15 होमगार्ड जवानों की तैनाती भी की गई है।
जिले में संचालित आधुनिक इंटेंसिव केयर सेंटर को बच्चों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। यहां कंप्यूटर शिक्षा, खेलकूद, संगीत प्रशिक्षण, योग अभ्यास और पुस्तकालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे बच्चों को भिक्षावृत्ति से बाहर निकालकर उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने केंद्र में नव निर्मित डॉरमेट्री का उद्घाटन भी किया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि बाल भिक्षावृत्ति के विरुद्ध अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा रेस्क्यू के बाद बच्चों के पुनर्वास, शिक्षा और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही, सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर इस अभियान को और मजबूत बनाने पर बल दिया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष/सदस्य श्रीमती नमिता मंमगाई, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) जितेंद्र कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल, जिला कमांडेंट होमगार्ड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


