केदारनाथ यात्रा 2026 की तैयारियों की जिलाधिकारी ने की साप्ताहिक समीक्षा
15 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के दिए कड़े निर्देश, सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष जोर
रुद्रप्रयाग, दिनांक 06 अप्रैल 2026:
आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 22 अप्रैल से प्रारंभ होने जा रही है। इसे सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग युद्ध स्तर पर तैयारियां अंतिम रूप दे रहा है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आज साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा अब तक की गई प्रगति और शेष कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा प्रारंभ होने से पहले 15 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूर्ण की जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार यात्रा से संबंधित सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूरे किए जा रहे हैं। प्रत्येक सप्ताह समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है। पेयजल, विद्युत, उरेडा, लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े कार्यों की निरंतर निगरानी की जा रही है और लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि यात्रा मार्ग पर अधिकांश स्थानों पर सोलर लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं और विद्युत लाइनों की मरम्मत तेजी से जारी है। सड़कों पर पैचवर्क और अतिक्रमण हटाने के कार्य निरंतर किए जा रहे हैं, जिससे यात्रा मार्ग सुरक्षित और सुचारू बनाया जा सके।
साथ ही आमजन से अपील की गई कि राष्ट्रीय राजमार्ग और यात्रा मार्गों पर अतिक्रमण न करें, अन्यथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निकाय भी नियमित रूप से अतिक्रमण के खिलाफ चालान जारी कर रहे हैं।
स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यात्रा मार्ग पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि श्रद्धालु स्वच्छ, सुरक्षित और सकारात्मक अनुभव लेकर लौटें, जिससे राज्य की छवि सुदृढ़ हो।
बैठक में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम प्रकाश, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. आशीष रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


