चम्पावत: रौकुंवर में जिलाधिकारी ने पैदल पहुंचकर लगाई चौपाल, ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण
ग्रामीणों की हर समस्या पर जिलाधिकारी ने तुरंत कार्रवाई के दिए निर्देश, सड़क, पुल, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में विकास सुनिश्चित

चम्पावत ,21 मार्च 2026: जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विकासखंड चम्पावत की ग्राम पंचायत भण्डार बोरा के दूरस्थ क्षेत्र रौकुंवर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया।
बसौटी माफी से रौकुंवर तक लगभग 3 किलोमीटर का दुर्गम जंगल मार्ग पैदल तय कर जिलाधिकारी गांव पहुंचे।
मार्ग में उन्होंने त्रिलोक सिंह कुंवर के घर रुककर उनकी आजीविका, खेती-बाड़ी एवं व्यवसाय से जुड़ी जानकारी ली तथा खंड विकास अधिकारी को उनके पीएम किसान योजना एवं आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनवाने के निर्देश दिए।

चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की प्रमुख मांग उठाई, जिस पर जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत आवश्यक कार्यवाही तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
साथ ही गांव के क्षतिग्रस्त मार्गों एवं पुलों के सुधार हेतु खंड विकास अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर पुल निर्माण के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य एवं जनकल्याण योजनाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने हेतु जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि गांव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनाया जाए तथा सभी लाभार्थियों को समयबद्ध ढंग से योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाए।
जिलाधिकारी ने चौपाल में उपस्थित प्रत्येक ग्रामीण की समस्या को गंभीरता से सुना और एक-एक प्रकरण को स्वयं अपनी डायरी में अंकित करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए।
इनमें जानकी देवी की बिजली पोल, बेनी देवी एवं माया देवी की पेयजल समस्या, डिगरी देवी की गौशाला निर्माण, पार्वती देवी का जन्म प्रमाण पत्र, देवकी देवी एवं चनी देवी की पेंशन, राम सिंह का आधार कार्ड, तथा कृष्ण राम की सुरक्षा दीवार की मांग जैसे कई प्रकरण शामिल रहे।
गांव की गीता देवी की मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को समुचित उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आपदा के कारण क्षतिग्रस्त सिंचाई गुल (नहर) की समस्या के समाधान हेतु जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को गांव में विभिन्न स्थानों पर टैंक निर्माण कर सिंचाई सुविधा विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही फसलों की सुरक्षा हेतु तारबाड़ कराने के निर्देश भी दिए गए।
गांव के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रौकुंवर के भवन के सुधारीकरण, खेल मैदान के विकास, ओपन जिम की स्थापना, पंचायत घर एवं बारात घर निर्माण के लिए भी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान अशोक सिंह कुंवर, खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी, अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्तिक्रिति तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


