दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर: ‘ग्रीन कॉरिडोर’ से रोजगार और पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार
ढाई घंटे में पूरा होगा सफर, किसानों से लेकर पर्यटन उद्योग तक को मिलेगा सीधा लाभ
देहरादून, 14 अप्रैल 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण कर दिया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शुरू होने के साथ ही उत्तराखंड में रोजगार और पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है। अब दिल्ली से देहरादून का सफर महज ढाई घंटे में पूरा किया जा सकेगा।
यह कॉरिडोर चारधाम यात्रा, जिम कॉर्बेट और राजाजी नेशनल पार्क, मसूरी, टिहरी समेत राज्य के विभिन्न पर्यटन स्थलों तक पहुंच को आसान बनाएगा। बेहतर कनेक्टिविटी के चलते देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना है।
यह परियोजना केवल एक परिवहन सुविधा नहीं, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाला ‘ग्रीन कॉरिडोर’ साबित होगी। इससे पहाड़ और मैदान के बीच दूरी कम होगी और किसानों, उद्यमियों तथा स्थानीय उत्पादकों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
हर्षिल के सेब, जोशीमठ और चकराता की राजमा, पुरोला के लाल चावल और रुद्रप्रयाग के बुरांश का जूस जैसे पारंपरिक उत्पाद अब कम समय और कम लागत में बड़े बाजारों तक पहुंच सकेंगे। इससे किसानों को बेहतर मूल्य मिलने के साथ उनकी आय में वृद्धि होगी।
इसके अलावा, राज्य में कोल्ड स्टोरेज, वेयरहाउसिंग, फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स और एग्री-लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। यह कॉरिडोर परिवहन, कृषि आधारित उद्योगों और छोटे-मध्यम उद्यमों को गति देने के साथ-साथ पलायन की समस्या को कम करने में भी सहायक साबित हो सकता है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


