Uttarakhand Weather Update: 7 सितंबर तक सक्रिय रहेगा मानसून, इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड में 7 सितंबर तक बारिश का दौर, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी
4 और 5 सितंबर को पहाड़ से मैदान तक भारी बारिश का अलर्ट, 6-7 सितंबर को पर्वतीय जिलों में बढ़ेगा बारिश का दौर
देहरादून, 3 सितंबर 2026। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता अभी बनी हुई है। हालांकि गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खुला रहने से पिछले कई दिनों से लगातार बारिश से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 4 से 7 सितंबर तक प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र ने 4 और 5 सितंबर को मानसून के अधिक सक्रिय रहने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 6 और 7 सितंबर को भी प्रदेश के पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
4 सितंबर को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 4 सितंबर को नैनीताल, चंपावत, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा प्रदेश के सभी जनपदों में गरज-चमक के साथ वर्षा के तीव्र दौर और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
5 सितंबर को पहाड़ से मैदान तक तेज बारिश
5 सितंबर को भी मानसून के तेज रहने की संभावना है। इस दिन पर्वतीय क्षेत्रों के साथ ही मैदानी इलाकों में भी बारिश के तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी गरज-चमक, आकाशीय बिजली और वर्षा के तीव्र दौर को लेकर येलो अलर्ट रहेगा।
6 सितंबर को इन जिलों में भारी बारिश
6 सितंबर को बागेश्वर, नैनीताल, पौड़ी और चमोली जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेशभर में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र दौर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
7 सितंबर को बागेश्वर-पिथौरागढ़ में भारी बारिश
7 सितंबर को बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं अन्य जनपदों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र दौर देखने को मिल सकते हैं।
अगले तीन घंटे 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने 3 सितंबर की रात 8:21 बजे तीन घंटे का 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, नैनीताल, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर, देहरादून और टिहरी गढ़वाल के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं गरज-चमक, आकाशीय बिजली तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
इन जिलों के मसूरी, हल्द्वानी, मुक्तेश्वर, थराली, देवल, डांगोली, बेरीनाग, थल, विकासनगर, धनोल्टी, मुनस्यारी, डीडीहाट, लोहाघाट, रानीखेत और आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम के तेजी से करवट लेने की संभावना है।
7 सितंबर तक सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 4 से 7 सितंबर तक उत्तराखंड में तेज बारिश का दौर बना रहेगा। 4 और 5 सितंबर को पहाड़ के साथ मैदानी इलाकों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है, जबकि 6 और 7 सितंबर को पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है।
आकाशीय बिजली और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


