Dehradun: विधिक शिविर में 3500 से अधिक लोग उमड़े, मेधावी छात्रों को टैबलेट, जरूरतमंदों को सहायता
विधिक जागरूकता शिविर के दौरान लाभार्थियों को सहायता सामग्री वितरित करते अतिथिगण।
मुख्य न्यायाधीश ने युवाओं को नशे से बचाने का किया आह्वान, 40 से अधिक विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण; दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, बैसाखी, वॉकर और श्रवण यंत्र भी वितरित

देहरादून, 06 सितंबर 2026। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून द्वारा रविवार को जय कम्युनिटी सेंटर, सेलाकुई एवं पी.एम. श्री शहीद सत्येन्द्र चौहान अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज, सेलाकुई, देहरादून में बहुउद्देशीय विधिक सेवाएं एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। Dehradun Vidhik Jagrukta Shivir
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता, कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी एवं न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल की गरिमामयी उपस्थिति में मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर जिला न्यायाधीश हरीश कुमार गोयल, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय आर.के. खुल्बे, सदस्य सचिव उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल प्रदीप कुमार मणि, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल सहित समस्त न्यायिक अधिकारीगण, बार एसोसिएशन देहरादून के अध्यक्ष अनिल कुकरेती, सचिव अजय बिष्ट एवं कार्यकारिणी सदस्य तथा जिला प्रशासन के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में संस्कृति विभाग, देहरादून के कलाकारों द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं लोक नृत्य प्रस्तुत किया गया। वहीं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा नशा मुक्ति पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को जागरूक किया गया। सचिव सीमा डुंगराकोटी ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग तक न्याय एवं योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।
युवाओं को नशे से बचाने का किया आह्वान
मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता ने एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक की सराहना करते हुए कहा कि कलाकारों ने नशे के दुष्परिणामों को बहुत ही प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई। उन्होंने कहा कि हमारी नई पीढ़ी उड़ता पंजाब मूवी की तरह नशे में बर्बाद न हो, हमें अपने युवाओं को ड्रग से बचाना है। अभिभावकों को अपने बच्चों पर ध्यान देना होगा, ताकि युवा नशे की चपेट में न आएं।
मेधावी छात्र-छात्राओं को दिए टैबलेट, जरूरतमंदों को सामग्री
मुख्य न्यायाधीश एवं अन्य न्यायमूर्तिगण के कर-कमलों द्वारा विभिन्न सामग्री वितरित की गई। शिक्षा के क्षेत्र में चार विद्यालयों को कंप्यूटर, यूपीएस व प्रिंटर, पांच विद्यालयों को आरओ वाटर प्यूरीफायर तथा वर्ष 2025-26 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट प्रदान किए गए।
इसके अलावा जरूरतमंदों को स्कूल बैग, स्टेशनरी, ट्रैक सूट, कंबल, मेडिकल किट, महालक्ष्मी किट, बेबी किट तथा दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, बैसाखी, वॉकर एवं श्रवण यंत्र वितरित किए गए। शिविर की स्वच्छता में सहयोग करने वाले 12 पर्यावरण मित्रों को भी न्यायमूर्ति द्वारा सम्मानित किया गया।
40 से अधिक विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण
सामान वितरण के उपरांत विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया गया। मुख्य न्यायाधीश ने शिविर में लगे 40 से अधिक सरकारी विभागों एवं गैर-सरकारी संस्थाओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया।
इस दौरान ग्राफिक एरा, सीमा डेंटल कॉलेज एवं राही नेत्रधाम द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य शिविर का विशेष निरीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुगर, बीपी, हीमोग्लोबिन, ईसीजी जांच एवं निःशुल्क दवा वितरण किया गया। सीमा डेंटल कॉलेज द्वारा दंत जांच तथा राही नेत्रधाम द्वारा नेत्र जांच कर जरूरतमंदों को चश्मे वितरित किए गए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अपनी योजनाओं और कार्यों के माध्यम से 2000 से अधिक लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। वहीं शिविर में लगभग 3500 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


