Dehradun News: उफनती नदी के बीच जिंदगी की जंग, टापू पर फंसे 7 लोगों को SDRF ने सकुशल बचाया
संतला देवी क्षेत्र में उफनती नदी के बीच टापू पर फंसे 7 लोगों को SDRF ने साहसिक अभियान चलाकर सकुशल बचाया।
संतला देवी मंदिर के समीप अचानक बढ़ा नदी का जलस्तर, घूमने गए सभी 7 लोग बीच धारा में बने टापू पर फंस गए; SDRF ने चुनौतीपूर्ण अभियान चलाकर सुरक्षित निकाला।
देहरादून, 19 जुलाई 2026। देहरादून में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार को बड़ा हादसा टल गया। कैंट थाना क्षेत्र के संतला देवी मंदिर के समीप नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से घूमने गए 7 लोग नदी के बीच बने टापू पर फंस गए। चारों ओर तेज बहाव और उफनती धारा के बीच फंसे लोगों को बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं मिला, जिसके बाद SDRF को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट सहस्त्रधारा से उप निरीक्षक राजबर राणा के नेतृत्व में टीम तत्काल मौके पर पहुंची। नदी का तेज बहाव, फिसलन भरे किनारे और लगातार बढ़ते जलस्तर जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद SDRF जवानों ने विशेष रेस्क्यू उपकरणों की मदद से अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत और साहसिक प्रयास के बाद टीम ने टापू पर फंसे सभी 7 लोगों तक सुरक्षित पहुंच बनाई और एक-एक कर उन्हें नदी से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
SDRF की त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय से बड़ा हादसा टल गया। रेस्क्यू किए गए सभी लोग देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले हैं, जो घूमने के लिए संतला देवी मंदिर क्षेत्र के पास पहुंचे थे। अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से वे बीच धारा में बने टापू पर फंस गए थे। सभी लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
रेस्क्यू किए गए सातों लोगों की पहचान
रेस्क्यू अभियान में सुरक्षित निकाले गए लोगों में मुकेश (35 वर्ष) पुत्र महादेव, निवासी बल्लीवाला; सुशील (36 वर्ष) पुत्र इंद्रदेव, निवासी सीमा द्वार; प्रेम कुमार (27 वर्ष) पुत्र महेंद्र, निवासी सीमा द्वार; रोशन गुप्ता (32 वर्ष) पुत्र जनार्दन गुप्ता, निवासी सीमा द्वार; राजीव (30 वर्ष) पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी सीमा द्वार; पवन सिंह (25 वर्ष) पुत्र इंद्रदेव, निवासी सीमा द्वार तथा सूरज साहनी (30 वर्ष) पुत्र सीताराम साहनी, निवासी सीमा द्वार शामिल हैं।

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


