Dehradun News: अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़, 104 सिलेंडर जब्त; दो गिरफ्तार
अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ कार्रवाई में सिलेंडरों की जांच करती टीम।
घरेलू गैस के व्यावसायिक इस्तेमाल और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ प्रशासन का अभियान जारी, रायवाला थाने में एफआईआर दर्ज
देहरादून, 24 अक्टूबर 2026। जनपद देहरादून में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस के अनधिकृत इस्तेमाल और अवैध रिफिलिंग पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन एवं पूर्ति विभाग का सघन जांच अभियान जारी है। इसके तहत क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों के नेतृत्व में प्रवर्तन टीमें विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर कार्रवाई कर रही हैं।
इसी क्रम में देहरादून नगर क्षेत्र के विभिन्न होटल और रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों का अनधिकृत उपयोग पाए जाने पर 10 सिलेंडर जब्त किए गए। जब्त सिलेंडरों को संबंधित गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में जमा करा दिया गया है।
वहीं, छिद्दरवाला क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग का कारोबार सामने आने पर प्रवर्तन टीम ने कार्रवाई करते हुए 94 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए। इस मामले में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ रायवाला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। साथ ही, मौके से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर घरेलू गैस सिलेंडरों की मांग और उपयोग पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल केवल निर्धारित घरेलू प्रयोजनों के लिए किया जाना चाहिए। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलेंडरों का अनधिकृत उपयोग, अवैध रिफिलिंग और गैस की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित औचक निरीक्षण और जांच अभियान जारी रखा जाए। घरेलू गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग करने तथा अवैध रिफिलिंग के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जांच अभियान के दौरान एसके, एआरओ, रजत नेगी और नवीन जुयाल, पूर्ति निरीक्षक भी उपस्थित रहे।
— Uttarakhand Morning Post

मोहन चंद्र जोशी, नैनीताल (उत्तराखंड) के मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तराखंड मॉर्निंग पोस्ट के संपादक हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष व जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
हमारे व्हाट्सएप समाचार ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने के लिए क्लिक करें
हमारे इस नंबर 9927164214 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें


